Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

कोसरिया गांड़ा गंधर्व समाज परिक्षेत्र मोहला में अध्यक्ष पद को लेकर बढ़ी सरगर्मी

 

मोहला। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोसरिया गांड़ा गंधर्व समाज परिक्षेत्र मोहला में पिछले कुछ समय से संगठनात्मक विवाद और तनाव की स्थिति बनी हुई है। बताया जा रहा है कि समाज के अधिकांश सदस्यों ने पूर्व अध्यक्ष एवं उनकी कार्यकारिणी को पदमुक्त कर नई कार्यकारिणी का गठन किया था। इसके बाद नवगठित अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण कार्यक्रम समाज के जिला अध्यक्ष एवं जिला कार्यकारिणी के सदस्यों की उपस्थिति में संपन्न कराया गया।

हालांकि बाद में जिला कार्यकारिणी द्वारा एक नया निर्णय लेते हुए पूर्व एवं नवगठित दोनों अध्यक्षों के पद को निरस्त कर अध्यक्ष पद के लिए लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत चुनाव कराने का निर्णय लिया गया। जानकारी के अनुसार अब अध्यक्ष पद का चयन मतदान के माध्यम से किया जाएगा।

इसी बीच समाज के कुछ सदस्यों का आरोप है कि नवगठित अध्यक्ष को नामांकन दाखिल करने से रोकने का प्रयास किया जा रहा है तथा इसके लिए समाज की नियमावली का हवाला दिया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर कुछ लोगों का मानना है कि नियमावली का पालन सुनिश्चित करने के लिए ही आवश्यक प्रक्रिया अपनाई जा रही है।

अब समाज के सदस्यों की निगाहें जिला कार्यकारिणी के आगामी निर्णय पर टिकी हैं। देखना होगा कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान जिला कार्यकारिणी नियमावली के प्रावधानों के अनुसार सभी पात्र उम्मीदवारों को नामांकन का अवसर प्रदान करती है या नहीं। फिलहाल इस मामले को लेकर समाज के भीतर चर्चा और राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।

(नोट: यह समाचार सूत्रों एवं प्राप्त जानकारियों पर आधारित है। संबंधित पक्षों का आधिकारिक पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रकाशित किया जा सकता है।)

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ