Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

मोहला में धूमधाम से मनाया गया संकुल स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव, नवप्रवेशी बच्चों का किया गया भव्य स्वागत

NBP NEWS/मोहला, 25 जून 2026
शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और बच्चों को विद्यालय से जोड़ने के उद्देश्य से संकुल केन्द्र मोहला-1 अंतर्गत बालक प्राथमिक शाला मोहला में संकुल स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का गुलाल तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर तथा पुष्प अर्पित कर आत्मीय स्वागत किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह थीं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता सरपंच गजेन्द्र पुरामे ने की। इस अवसर पर संकुल के अंतर्गत कक्षा पहली एवं छठवीं में प्रवेश लेने वाले बच्चों को शासन द्वारा प्रदत्त निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें एवं शाला गणवेश वितरित किए गए।

मुख्य अतिथि नम्रता सिंह ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों का भविष्य शिक्षा से ही उज्ज्वल बन सकता है और प्रत्येक पालक का दायित्व है कि वे अपने बच्चों को प्रतिदिन विद्यालय भेजें। इस दौरान केंद्रीकृत परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्रा कुमारी कुमुद, पिता ककहा, को कक्षा पांचवीं में ब्लॉक स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर 2500 रुपये की नगद प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम अध्यक्ष सरपंच गजेन्द्र पुरामे एवं अन्य अतिथियों द्वारा विभिन्न कक्षाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उत्साहवर्धन किया गया।

विकासखंड शिक्षा अधिकारी राजेन्द्र देवांगन ने शासन की विभिन्न शैक्षिक योजनाओं की जानकारी देते हुए अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने और उनकी पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना एवं मनमोहक स्वागत गीत प्रस्तुत कर उपस्थित जनों का मन मोह लिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह और आकर्षण का माहौल बना दिया।

इस अवसर पर संकुल प्राचार्य सीमा वर्मा, बीआरसी पी.एल. देशमुख, सीएसी मलेश मालेकर सहित संकुल के सभी संस्था प्रमुख, प्रधान पाठक, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर शाला में मध्यान्ह भोजन संचालित करने वाले समूह द्वारा आंशिक न्योता भोज का आयोजन किया गया, जिसमें सभी अतिथियों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने सहभागिता निभाई।

शाला प्रवेश उत्सव के माध्यम से शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण का निर्माण हुआ तथा नवप्रवेशी बच्चों में विद्यालय के प्रति उत्साह और आत्मविश्वास का संचार हुआ।


#NBPNEWS #school #mohlanews #mohlamanpur #education 

मोहला शाला प्रवेश उत्सव, Mohla School Admission Festival, नम्रता सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष मोहला, राजेन्द्र देवांगन, शिक्षा विभाग मोहला, स्कूल प्रवेश उत्सव 2026, मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी समाचार

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ