Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

जंगल में मिली युवक की लाश, 17 मई से था लापता- होटल में मिस्त्री का काम करता था।

NBP NEWS | मोहला | 27 मई 2026

जिला मुख्यालय मोहला में रविवार शाम एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां फर्स्ट नाला के समीप जंगल में एक युवक की लाश मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान मोहला निवासी विसर्जन दास रामटेके के रूप में हुई है, जो पिछले 17 मई से लापता था।

मिली जानकारी के अनुसार विसर्जन दास रामटेके लंबे समय से मोहला में समोसा-बड़ा सहित अन्य खाद्य सामग्री बनाने का काम करता था तथा दादू होटल में मिस्त्री के रूप में कार्यरत था। परिजनों ने बताया कि वह प्रतिदिन काम खत्म होने के बाद रात करीब आठ से नौ बजे तक घर लौट आता था, लेकिन 17 मई की रात वह वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने मोहला थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत के बाद पुलिस लगातार युवक की तलाश में जुटी हुई थी। इसी बीच रविवार 24 मई की शाम एक चरवाहे ने फॉरेस्ट नाला के नजदीक जंगल में एक शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को बुलाया, जहां शव की पहचान विसर्जन दास रामटेके के रूप में की गई।

सोमवार को शव का पोस्टमार्टम मोहला स्थित मर्चुरी में कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. सीमा ठाकुर ने बताया कि शव गलना चालू हो चुका था तथा उसमें कीड़े लगना शुरू हो गए थे। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार शव तीन से चार दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। शरीर में अत्यधिक सड़न होने के कारण पोस्टमार्टम में कठिनाई आई। मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए शरीर के कुछ अंग फॉरेंसिक जांच हेतु भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो पाएंगे।
परिजनों के अनुसार विसर्जन मानसिक रूप से कुछ अस्वस्थ रहता था। वह परिवार का बड़ा बेटा था तथा विवाहित था। उसके तीन बच्चे भी हैं। परिवार का कहना है कि वह रोज की तरह काम पर गया था, लेकिन इसके बाद वापस घर नहीं लौटा।

घटना के बाद मोहला मुख्यालय क्षेत्र में भय और चर्चा का माहौल बना हुआ है। लोगों के बीच यह सवाल बना हुआ है कि युवक की मौत सामान्य परिस्थितियों में हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ