जिला साहू संघ मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के मार्गदर्शन में संचालित “समाज आपके द्वार” अभियान के तहत तहसील मानपुर के परिक्षेत्र भर्रीटोला में एक भव्य सामाजिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर तहसील मानपुर के चारों परिक्षेत्रों के सामाजिक प्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एकत्रित हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ तैलिक कुल की अधिष्ठात्री मां कर्मा एवं भगवान जगन्नाथ की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इसके पश्चात जिला एवं तहसील स्तर के पदाधिकारियों की उपस्थिति में सामाजिक जागरूकता और संगठनात्मक मजबूती को लेकर विचार-विमर्श का दौर चला।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने समाज की एकता, समरसता और संगठन को मजबूत बनाने के साथ-साथ सामाजिक कुरीतियों एवं बुराइयों को दूर करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को सही शिक्षा, संस्कार और सामाजिक मूल्यों से जोड़ना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
स्वागत उद्बोधन देते हुए तहसील साहू समाज मानपुर के अध्यक्ष के.बी. साहू तथा परिक्षेत्र साहू संघ भर्रीटोला के अध्यक्ष भारत साहू ने उपस्थित समाजजनों का स्वागत किया और संगठन की गतिविधियों की जानकारी दी।
इस अवसर पर जिला साहू संघ के जिलाध्यक्ष मदन साहू ने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि समाज की वास्तविक शक्ति उसकी ग्रामीण इकाइयों में निहित है। उन्होंने नवीन जिले में सामाजिक भवन निर्माण के लिए भूमि क्रय हेतु समाज के प्रत्येक परिवार से स्वैच्छिक सहयोग देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहभागिता से समाज के विकास के नए आयाम स्थापित किए जा सकते हैं।
तहसील साहू संघ मानपुर के अध्यक्ष गयादास साहू ने सामाजिक नियमावली की जानकारी देते हुए समाज के अनुशासन और परंपराओं के पालन की आवश्यकता बताई। वहीं जिला उपाध्यक्ष (महिला) कांति साहू ने जोरन देखाई एवं बहु चिन्हाई जैसी प्रथाओं को समाप्त करने की आवश्यकता पर बल दिया।
जिला कोषाध्यक्ष चेतन साहू ने मृत्युभोज जैसी कुप्रथाओं और नशाखोरी के खिलाफ समाज को एकजुट होकर अभियान चलाने की बात कही। जिला मुख्य सलाहकार अर्जुनदास साहू ने अंतर्जातीय एवं अंतरधार्मिक विवाह के विषय में अपने विचार रखते हुए सामाजिक परंपराओं के संरक्षण पर जोर दिया।
इसके अलावा जिला चिकित्सा प्रकोष्ठ के परसदास साहू ने शिक्षा एवं संस्कार के महत्व पर प्रकाश डाला, जबकि जिला संरक्षक गिरीश साहू ने आदर्श विवाह की अवधारणा को विस्तार से समझाते हुए सादगीपूर्ण और सामाजिक मूल्यों पर आधारित विवाह को बढ़ावा देने की अपील की।
वक्ताओं ने निष्कर्ष रूप में कहा कि समाज की भावी पीढ़ी को सामाजिक नियमों एवं परंपराओं से परिचित कराना आवश्यक है। साथ ही विभिन्न कुरीतियों और सामाजिक बुराइयों को दूर करने के लिए सामूहिक प्रयास करते हुए सामाजिक समरसता स्थापित करना समय की मांग है।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से जिलाध्यक्ष मदन साहू, जिला उपाध्यक्ष छन्नूराम साहू, जिला उपाध्यक्ष कांति साहू, जिला महामंत्री मोहन साहू, जिला सह महामंत्री दयालदास साहू, जिला न्याय प्रकोष्ठ शेषराम सार्वा, तहसील अध्यक्ष के.बी. साहू, तहसील सचिव किशोर कुमार साहू, तहसील उपाध्यक्ष योगमाया साहू, तहसील अंकेक्षक शेषशाई साहू, पूर्व तहसील अध्यक्ष यशवंत साहू, परिक्षेत्र समाज मानपुर अध्यक्ष सियाराम साहू, पंचराम साहू, संगठन सचिव भगवती साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं सामाजिक बंधु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन जिला महामंत्री मोहन साहू ने किया।
0 टिप्पणियाँ