बच्चों के सर्वांगीण विकास, रचनात्मकता और आधुनिक तकनीकी ज्ञान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पीएमश्री शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (सेजेस) मानपुर में आयोजित 10 दिवसीय ग्रीष्मकालीन समर कैंप का भव्य समापन समारोह आयोजित किया गया। समापन अवसर पर कला प्रदर्शनी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र एवं मेडल वितरित कर सम्मानित किया गया।
विद्यालय की प्राचार्या सुशीला टंडन के मार्गदर्शन में आयोजित इस समर कैंप में विद्यार्थियों को योग, ध्यान, चित्रकला, क्ले आर्ट, ओरिगामी तथा “बेस्ट फ्रॉम वेस्ट” जैसी रचनात्मक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही बच्चों के व्यक्तित्व विकास के लिए स्पोकन इंग्लिश, थियेटर, सामान्य ज्ञान और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की गईं।
आधुनिक तकनीक और नवाचार पर विशेष फोकस
इस वर्ष समर कैंप का प्रमुख आकर्षण आधुनिक वैज्ञानिक एवं तकनीकी गतिविधियां रहीं। वरिष्ठ व्याख्याताओं के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को STEM (साइंस, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग एवं मैथ्स) आधारित गतिविधियों, बेसिक कंप्यूटर शिक्षा, डिजिटल साक्षरता तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) की प्रारंभिक जानकारी दी गई। बच्चों ने इन गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेकर नई तकनीकों को समझने और सीखने का अवसर प्राप्त किया।
भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए विद्यालय प्रबंधन द्वारा विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया। प्रतिभागियों को प्रतिदिन पौष्टिक भोजन एवं स्वदेशी पेय पदार्थ उपलब्ध कराए गए।
प्रदर्शनी में दिखी बच्चों की रचनात्मकता
समापन समारोह के दौरान विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए 3D मॉडल, पेंटिंग्स, क्राफ्ट एवं अन्य कलाकृतियों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी में बच्चों की कल्पनाशीलता, रचनात्मक सोच और नवाचार की झलक देखने को मिली। उपस्थित पालकों एवं अतिथियों ने विद्यार्थियों के कार्यों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं सक्रिय सहभागिता करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सहयोगियों के प्रति जताया आभार
संस्था परिवार ने इस सफल आयोजन के लिए समग्र शिक्षा के एपीसी एवं राज्य नोडल आशीष गौतम, डीईओ योग दास साहू, बीईओ ए. आर. कौर, जिला नोडल अलेंद्र तथा एसएमडीसी अध्यक्ष राजहंस मंडावी के प्रति आभार व्यक्त किया।
समर कैंप को सफल बनाने में शिक्षक रवि प्रकाश यादव, लीना यदु, नेहा निर्मल, तृष्णा यादव, नीलम राठौड़, देवेश साहू, मौलेश जुरेसिया, हर्ष साहू, पूजा साहू, प्रियंका मिश्रा एवं समस्त भृत्य स्टाफ का महत्वपूर्ण एवं सराहनीय योगदान रहा।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार के समर कैंप बच्चों के शैक्षणिक, बौद्धिक एवं रचनात्मक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं।
0 टिप्पणियाँ