Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने पर जोर, लापरवाही और शराब सेवन कर स्कूल आने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

NBP NEWS/मोहला, 10 जून 2026
आगामी शिक्षा सत्र 2026-27 की तैयारियों को लेकर विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) मोहला द्वारा विकासखंड के सभी प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानपाठकों और शिक्षकों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना, शैक्षणिक गतिविधियों को प्रभावी बनाना तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन की रणनीति तैयार करना रहा।
बैठक में बीईओ ने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना शिक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी शिक्षकों को समय पर विद्यालय पहुंचने, निर्धारित समय-सारणी के अनुसार नियमित अध्यापन कार्य संचालित करने तथा कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष कक्षाएं आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिक्षक को विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति पर विशेष ध्यान देना होगा ताकि नए सत्र में बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकें।

बीईओ ने बैठक के दौरान शिक्षकों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि शिक्षा के स्तर और विद्यार्थियों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि कोई शिक्षक बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाया जाता है, शराब सेवन कर विद्यालय पहुंचता है अथवा अध्यापन कार्य में लापरवाही करता है, तो उसके विरुद्ध विभागीय नियमों के तहत अनुशासनात्मक एवं कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में उनके नेतृत्व में विभागीय टीम द्वारा विभिन्न विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान शिक्षण व्यवस्था, विद्यार्थियों की उपस्थिति, शैक्षणिक गतिविधियों तथा शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की जाएगी। उन्होंने शिक्षकों से अपेक्षा की कि वे विभागीय चुनौतियों का सकारात्मक ढंग से सामना करते हुए अपने-अपने विद्यालयों को उत्कृष्ट बनाने की दिशा में कार्य करें और अध्यापन को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

बैठक में मोहला क्षेत्र की प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार मिल रही सफलताओं को बनाए रखने और उसे आगे बढ़ाने के लिए भी विशेष चर्चा की गई। विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर से ही प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षाओं के लिए तैयार करने तथा उनकी बौद्धिक क्षमता के विकास हेतु प्रभावी कार्ययोजना बनाने पर जोर दिया गया।

इसके अलावा छात्र उपस्थिति पंजी, मध्याह्न भोजन (एमडीएम) अभिलेख, लेजर पंजी सहित अन्य शासकीय दस्तावेजों के सुव्यवस्थित रखरखाव के निर्देश भी दिए गए। बीईओ ने कहा कि सभी विद्यालयों में अभिलेखों का संधारण निर्धारित मानकों के अनुरूप होना चाहिए, ताकि निरीक्षण के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।

बैठक के अंत में बीईओ ने विश्वास व्यक्त किया कि विकासखंड के सभी शिक्षक पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे तथा शिक्षा की गुणवत्ता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से मोहला विकासखंड शिक्षा के क्षेत्र में एक आदर्श मॉडल के रूप में स्थापित हो सकता है।

बैठक में संकुल समन्वयकों, विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्यों, प्रधानपाठकों तथा बड़ी संख्या में शिक्षकों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान नए शिक्षा सत्र की तैयारियों और विभागीय योजनाओं के प्रभावी संचालन को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ