सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत जनपद पंचायत मोहला के ग्राम पंचायत रानाटोला में जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। “पढ़ेगा भारत, बढ़ेगा भारत” थीम पर आधारित इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। ग्रामीण स्तर पर आयोजित होने वाले सुशासन तिहार के तहत यह अंतिम क्लस्टर स्तरीय शिविर था, जिसमें रानाटोला, घावड़ेटोला, मरारटोला, तेलीटोला, आलकन्हार, चापाटोला, देवरसूर, रेगाकठेरा, कोर्रामटोला और पांडरवानी सहित 10 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण शामिल हुए।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर शासन की योजनाओं, कार्यक्रमों और सेवाओं की जानकारी दी गई। पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत सामग्री वितरित की गई, वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाले हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
शासन और जनता के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम : नम्रता सिंह
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नम्रता सिंह ने कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। जन समस्या निवारण शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं और मांगों को सुनकर उनका त्वरित समाधान किया जा रहा है।
उन्होंने ग्रामीणों से शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और आजीविका से जुड़ी योजनाओं में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि “पढ़ेगा भारत, बढ़ेगा भारत” केवल एक थीम नहीं, बल्कि विकसित और सशक्त भारत के निर्माण का संकल्प है।
प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता से हो रहा निराकरण : कलेक्टर
कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने कहा कि सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त सभी आवेदनों को पोर्टल में दर्ज कर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा जा रहा है। जिला स्तर की समस्याओं का समाधान जिला प्रशासन द्वारा किया जाएगा, जबकि राज्य स्तर से जुड़े मामलों को उच्च कार्यालयों को प्रेषित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे पात्र हितग्राही योजनाओं का अधिकतम लाभ उठा सकें।
जल संरक्षण, स्वच्छता और स्वरोजगार पर दिया गया विशेष जोर
कलेक्टर ने जल संरक्षण और जल संचय को बढ़ावा देने के लिए कोरिया मॉडल, कुआं-तालाब निर्माण तथा अन्य जल संरचनाओं के विकास पर बल दिया। उन्होंने ग्रामीणों को स्वयं सहायता समूहों और विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जुड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनने की प्रेरणा दी।
इसके साथ ही ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए ग्रामीणों से स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने और गांवों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में सहयोग करने की अपील की। किसानों और आम नागरिकों से एग्रीस्टैक पोर्टल में पंजीयन कराने का भी आग्रह किया गया ताकि वे कृषि एवं शासन की विभिन्न योजनाओं का बेहतर लाभ प्राप्त कर सकें।
सफल आयोजन पर सभी को दी बधाई
कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने ग्रामीण स्तर पर आयोजित अंतिम शिविर के सफल आयोजन पर सभी विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों और ग्रामीण नागरिकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्री लखन कलामे, जनपद सदस्य अनीता जायसवाल, सीता देवी कोमरे, इंद्रा कोमरे, सीईओ जिला पंचायत भारती चंद्राकर, अपर कलेक्टर जी.आर. मरकाम, अपर कलेक्टर मिथलेश डोंडे, एसडीएम मोहला हेमेंद्र भुआर्य, पुलकित खंडेलवाल, कमल तापड़िया, राजू डोंगरे, भावेश ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।हेडलाइन:
रानाटोला में सुशासन तिहार का अंतिम शिविर संपन्न, योजनाओं की जानकारी के साथ हितग्राहियों को मिला लाभ
0 टिप्पणियाँ