आदिमजाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित “जनजातीय गरिमा उत्सव 2026 – Birsa Lives in New Bharat” कार्यक्रम में जनजातीय समाज की संस्कृति, गौरव, अधिकारों एवं सामाजिक योगदान को सम्मानित करने के उद्देश्य से भव्य आयोजन नवा रायपुर अटल नगर, 24 सेक्टर में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रूप सिंह मण्डावी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान जनजातीय समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर तिरु. राजाराम पात्र एवं तिरु. ढालसिंग पात्र को “वीर नारायण सिंह शहादत सम्मान” प्रदान किया गया। वहीं जनजातीय संस्कृति और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए तिरु. शेरसिंह आचला को “डॉ. भंवरसिंह पोरते सम्मान” से सम्मानित किया गया। इसके अलावा शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कृति और समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कई प्रतिभागियों को भी सम्मान प्रदान किया गया।
सम्मान समारोह के पश्चात आयोजित आमसभा में जनजातीय सांस्कृतिक संरक्षण एवं संवर्धन पर विशेष चर्चा हुई। तिरु. शेरसिंह आचला ने अपने संबोधन में जनजातीय परंपराओं, रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक धरोहरों को सुरक्षित रखने की आवश्यकता पर बल दिया। वहीं कॉम. योगेन्द्र कुमोटी ने सामाजिक एकता, पेसा एक्ट (PESA), वन अधिकार अधिनियम (FRA) और सामुदायिक वन अधिकार (CFR) जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखते हुए जनजातीय अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पानाबरस राज माड़िया पेन सेना के महासेनापति कोय. युवराज शोरी, सदस्य धर्मेन्द्र शोरी, कैलाश नेताम सहित प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर के अनेक सामाजिक पदाधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही ईएमआरएस (EMRS) एवं प्रयास जैसी संस्थाओं के छात्र-छात्राओं ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।
0 टिप्पणियाँ