Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

मध्यप्रदेश से महाराष्ट्र भेजी जा रही 800 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब की खेप जब्त, 75 लाख से अधिक का माल बरामद


NBP NEWS/मानपुर, 06 जून 2026। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश से महाराष्ट्र भेजी जा रही लगभग 800 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब से भरे एक ट्रक को पकड़ लिया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक आरोपी चालक को गिरफ्तार कर करीब 75.28 लाख रुपये मूल्य की शराब और ट्रक जब्त किया है।

पुलिस अधीक्षक वाय. पी. सिंह के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पीताम्बर पटेल के मार्गदर्शन में जिले में अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना मानपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की ट्रक में भारी मात्रा में अवैध शराब भरकर महाराष्ट्र सीमा की ओर ले जाई जा रही है।

सूचना मिलते ही थाना मानपुर पुलिस ने एसडीएम कार्यालय मानपुर के समीप मोबाइल चेक पोस्ट स्थापित कर सघन वाहन जांच शुरू की। जांच के दौरान वाहन क्रमांक CG 15 DZ 4515 को रोककर तलाशी ली गई। पुलिस को देखकर चालक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

गिरफ्तार चालक की पहचान बलराम सिंह डांगी, निवासी नागपुर (महाराष्ट्र) के रूप में हुई। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि ट्रक में अवैध अंग्रेजी शराब लोड है। वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को कुल लगभग 800 पेटी शराब बरामद हुई।

जब्त शराब में 100 पेटी रॉयल स्टेज के 4,800 पौवा जिसकी कीमत 9.60 लाख रुपये, 300 पेटी बीयर के 7,200 पौवा जिसकी कीमत 13.68 लाख रुपये तथा 400 पेटी गोवा व्हिस्की के 20,000 पौवा जिसकी कीमत लगभग 27 लाख रुपये शामिल है। जब्त शराब की कुल कीमत 50.28 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा करीब 25 लाख रुपये मूल्य का ट्रक भी जब्त किया गया है। इस प्रकार कुल 75.28 लाख रुपये की संपत्ति पुलिस ने जब्त की है।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शराब की खेप मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई क्षेत्र से लोड की गई थी और इसे राजनांदगांव, अंबागढ़ चौकी, मोहला, मानपुर एवं औंधी मार्ग होते हुए महाराष्ट्र सीमा तक पहुंचाया जाना था। आरोपी ने यह भी खुलासा किया कि महाराष्ट्र के गड़चिरौली जिले में शराब दुकानें नहीं होने के कारण सीमावर्ती गांवों में अवैध रूप से शराब खपाने की योजना थी। इस कार्य में महाराष्ट्र के शैलेश नामक व्यक्ति की भूमिका भी सामने आई है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जांच भी जारी है।

यह पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी मानपुर निरीक्षक कपिल देव चंद्रा के नेतृत्व में की गई। अभियान में थाना मानपुर पुलिस एवं साइबर सेल मोहला की टीम का विशेष योगदान रहा। पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से अवैध शराब की एक बड़ी खेप को महाराष्ट्र पहुंचने से पहले ही पकड़ लिया गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ