पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी द्वारा शुक्रवार 8 मई को जिला मुख्यालय मोहला में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बढ़ती महंगाई को आम जनता पर भारी बोझ बताया।
विरोध प्रदर्शन की शुरुआत विधायक निवास मोहला में बैठक के साथ हुई, जहां कांग्रेस नेताओं ने भाजपा शासन में बढ़ती महंगाई और आम जनता की परेशानियों पर चर्चा की। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर में रैली निकालकर “डबल इंजन सरकार” के खिलाफ प्रदर्शन किया।
पुलिस प्रशासन रहा अलर्ट
विरोध प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। विधायक निवास से लेकर नगर के प्रमुख स्थल दुर्गा चौक तक सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई थी। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस विभाग द्वारा एक निरीक्षक सहित महिला एवं पुरुष जवानों की ड्यूटी लगाई गई थी।
“महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी”
प्रदर्शन के दौरान विधायक इंद्रशाह मंडावी ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार और राज्य की डबल इंजन सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण जनता भीषण महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक संकट का सामना कर रही है। उन्होंने कहा कि रसोई गैस, खाद्य तेल, दाल, दूध और सब्जियों जैसी जरूरी वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग के लिए घर चलाना मुश्किल हो गया है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घरेलू गैस सिलेंडर पर 45 दिन का अंतराल लागू किए जाने से आम परिवारों की परेशानियां बढ़ गई हैं और कई ग्रामीण परिवार मजबूरी में फिर से लकड़ी और चूल्हे का सहारा लेने लगे हैं।
छोटे व्यापारियों पर भी असर
जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता निखिल देशमुख ने कहा कि कमर्शियल गैस सिलेंडरों की बढ़ती कीमतों ने छोटे होटल, ढाबा और रेस्टोरेंट संचालकों की आर्थिक स्थिति खराब कर दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बड़े उद्योगपतियों को राहत देने में लगी है, जबकि छोटे व्यापारियों की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है।
डीजल कीमतों को लेकर किसानों की चिंता
वरिष्ठ कांग्रेसी संजय जैन ने कहा कि खरीफ सीजन शुरू होने वाला है और किसान डीजल की उपलब्धता और कीमतों को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि सिंचाई, ट्रैक्टर और कृषि उपकरणों के लिए डीजल बेहद जरूरी है, लेकिन सरकार कीमत नियंत्रण और पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने में विफल रही है।
महिलाओं ने सिर पर सिलेंडर रख किया प्रदर्शन
प्रदर्शन के दौरान ब्लॉक महिला कांग्रेस अध्यक्ष मीना मांझी ने सिर पर गैस सिलेंडर रखकर सरकार के खिलाफ विरोध जताया। उन्होंने कहा कि घरेलू और व्यवसायिक गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों और व्यापारियों की जेब पर सीधा असर डाला है। गैस की किल्लत के कारण महिलाओं को घर में भोजन बनाने तक की चिंता सताने लगी है।
0 टिप्पणियाँ