Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

एल एंड टी द्वारा युवकों के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण एवं रोजगार अवसर, वन विभाग ने मांगी इच्छुक युवाओं की जानकारी

NBP NEWS | मोहला | 26 मई 2026

जिला वनमंडल मोहला द्वारा क्षेत्र के बेरोजगार एवं इच्छुक युवकों के लिए रोजगार से जुड़ा महत्वपूर्ण अवसर उपलब्ध कराया गया है। कार्यालय वनमंडलाधिकारी मोहला द्वारा जारी पत्र के अनुसार एल एंड टी (L&T) कंपनी द्वारा युवकों के लिए विभिन्न ट्रेडों में निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद चयनित युवकों को रोजगार उपलब्ध कराने की भी व्यवस्था की गई है।

जारी आदेश में बताया गया है कि वन परिक्षेत्र अंतर्गत आने वाले जेएफएम (JFM) सदस्यों तथा गांवों के ऐसे युवक जो रोजगार की तलाश में हैं अथवा बाहर जाकर कार्य करने के इच्छुक हैं, उन्हें इस योजना का लाभ दिया जाएगा। प्रशिक्षण अवधि दो माह की होगी तथा प्रशिक्षण स्थल मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में निर्धारित किया गया है।

प्रशिक्षण के दौरान भोजन, आवास एवं प्रशिक्षण की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद चयनित युवकों को न्यूनतम 18,500 रुपये प्रतिमाह (इन हैंड) वेतन एवं अन्य सुविधाएं कंपनी नियमानुसार प्रदान की जाएंगी।

प्रशिक्षण का लाभ लेने हेतु 27 मई 2026 प्रातः 10बजे मोहला स्थित वनमण्डलाधिकारी कार्यालय डिपो के समीप पहुंचकर अपनी दस्तावेज वेरीफाई करवाए।

प्रशिक्षण हेतु निर्धारित योग्यताएं

⭕न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता – 5वीं पास

⭕आयु सीमा – 18 से 34 वर्ष

⭕शारीरिक मापदंड – न्यूनतम वजन 45 किलोग्राम एवं ऊंचाई 5 फीट 2 इंच

⭕ट्रेड – फॉर्मवर्क कारपेंटर, बार बेंडर, स्कैफ फोल्डिंग एवं एडवांस मेसनरी


आवश्यक दस्तावेज

⭕अपडेटेड आधार कार्ड (मोबाइल नंबर लिंक सहित)

⭕अंकसूची

⭕पैन कार्ड

⭕राष्ट्रीयकृत बैंक खाता


वनमंडलाधिकारी मोहला ने समस्त परिक्षेत्र अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अपने क्षेत्र के पात्र एवं इच्छुक युवकों की जानकारी शीघ्र तैयार कर कार्यालय में उपलब्ध कराएं, ताकि समय पर आगे की कार्रवाई की जा सके।

विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह प्रशिक्षण केवल युवकों के लिए है तथा प्रशिक्षणार्थियों का शारीरिक रूप से स्वस्थ होना अनिवार्य रहेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ