Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

शिक्षकों और कर्मचारियों के तबादलों पर लगी रोक हटाने की मांग, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन


NBP NEWS/ प्रवेश कुमार/मोहला , 26 मई 2026

छत्तीसगढ़ प्रदेश शासकीय शिक्षक फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश में शिक्षकों एवं कर्मचारियों के स्थानांतरण पर लगी रोक हटाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नाम जिला अपर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने इस दौरान अपर कलेक्टर से चर्चा करते हुए कर्मचारियों की समस्याओं से अवगत कराया।

यह ज्ञापन छत्तीसगढ़ प्रदेश शासकीय शिक्षक फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष शंकर साहू एवं मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिला सचिव मक्खन साहू के नेतृत्व में सौंपा गया। फेडरेशन पदाधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में शिक्षकों, कर्मचारियों और अधिकारियों के तबादलों पर लंबे समय से रोक लगी हुई है, जिसके चलते अनेक कर्मचारी गंभीर पारिवारिक एवं व्यक्तिगत समस्याओं से जूझ रहे हैं।

फेडरेशन के अनुसार, तबादलों पर पूर्ण प्रतिबंध के कारण कई कर्मचारी अपने माता-पिता की देखरेख नहीं कर पा रहे हैं। वहीं दिव्यांग कर्मचारियों, गंभीर बीमारी से पीड़ित कर्मचारियों तथा पति-पत्नी के अलग-अलग जिलों में पदस्थ होने की स्थिति में मानसिक एवं आर्थिक परेशानियां बढ़ गई हैं।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि राज्य सरकार वर्ष 2026 की नई तबादला नीति को कैबिनेट से मंजूरी देकर जून माह में सीमित अवधि के लिए स्थानांतरण पर लगी रोक हटाए, ताकि कर्मचारियों को राहत मिल सके।

ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश अध्यक्ष शंकर साहू, जिला सचिव मक्खन साहू, दीनदयाल मौहान, वीरेंद्र कुमार ठावरे एवं जीवन साहू सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ