मोहला विकासखंड अंतर्गत मटेवा समिति के अडमागोंदी फड़ से तेंदूपत्ता लोड कर डोंगरगांव संघ गोदाम जा रही एक ट्रक शुक्रवार शाम भीषण आग की चपेट में आ गई। हादसे में लगभग 10 लाख रुपए मूल्य का तेंदूपत्ता और पूरा ट्रक जलकर खाक हो गया। आग लगने की वजह बिजली तारों में हुए शॉर्ट सर्किट को बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार राजनांदगांव निवासी तेंदूपत्ता ठेकेदार योगेश कोटक की ट्रक अडमागोंदी फड़ से तेंदूपत्ता भरकर डोंगरगांव गोदाम के लिए रवाना हुई थी। इसी दौरान केसला गांव में तेज हवा के चलते बिजली तार आपस में टकरा गए, जिससे निकली चिंगारी नीचे से गुजर रही तेंदूपत्ता से भरी ट्रक पर जा गिरी। सूखे तेंदूपत्ते ने तुरंत आग पकड़ ली और देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।
ड्राइवर की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
घटना के समय ट्रक गांव के बीच से गुजर रही थी। सड़क किनारे कई मकान स्थित थे और आग फैलने का खतरा बढ़ गया था। ऐसे में ड्राइवर ने अपनी जान जोखिम में डालकर जलती हुई ट्रक को गांव से बाहर तालाब की ओर ले गया। ड्राइवर की इस सूझबूझ से गांव में बड़ी जनहानि और आगजनी की घटना टल गई।
हालांकि तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी और ट्रक में लोड पूरा तेंदूपत्ता तथा वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों और वन विभाग के कर्मचारियों ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेज थी कि उसे नियंत्रित करना मुश्किल हो गया।
10 लाख रुपए का तेंदूपत्ता स्वाहा
तेंदूपत्ता ठेकेदार योगेश कोटक ने बताया कि ट्रक में लगभग 10 लाख रुपए मूल्य का तेंदूपत्ता लोड था, जो डोंगरगांव संघ गोदाम भेजा जा रहा था। आग लगने से पूरा माल जल गया और भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
नहीं पहुंच सकी फायर ब्रिगेड
घटना के दौरान ग्रामीणों और वन विभाग के कर्मचारियों ने मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में तैनात सरकारी फायर ब्रिगेड को लगातार सूचना दी, लेकिन समय पर दमकल वाहन उपलब्ध नहीं हो पाया। ग्रामीणों का आरोप है कि जिले में नई फायर ब्रिगेड की गाड़ियां खराब हालत में पड़ी हैं और आगजनी जैसी घटनाओं से निपटने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं है।
0 टिप्पणियाँ