जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी अंतर्गत खड़गांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोरवा में एक युवक का शव पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना 22 मई 2026 शुक्रवार शाम की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक बिनेश विश्वकर्मा पिता स्व गोविंद विश्वकर्मा शुक्रवार शाम लगभग साढ़े पांच बजे अपने घर से गाय के बछड़े को ढूंढने निकला था। देर शाम तक वापस घर नहीं लौटने पर परिजन चिंतित हो गए और आसपास उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला।
शनिवार सुबह लगभग पांच बजे परिजनों ने खेत की मेड़ में स्थित करंज पेड़ पर बिनेश का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ देखा। यह दृश्य देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना सुबह करीब सात बजे खड़गांव थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोहला भेजा गया। पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया।
परिजनों के अनुसार मृतक मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
0 टिप्पणियाँ