Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

कलेक्ट्रेट परिसर में लगा स्वास्थ्य स्क्रीनिंग शिविर, 71 अधिकारियों-कर्मचारियों की हुई बीपी-शुगर जांच


NBP NEWS | मोहला | 26 मई 2026

विश्व हाइपरटेंशन पखवाड़ा के अंतर्गत जिला मुख्यालय मोहला स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए उच्च रक्तचाप (बीपी) और शुगर जांच हेतु स्वास्थ्य स्क्रीनिंग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कलेक्ट्रेट सहित विभिन्न विभागों के विभाग प्रमुख अधिकारियों और कर्मचारियों ने पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया।

यह स्वास्थ्य शिविर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय खोबरागड़े के निर्देशन तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. राकेश वर्मा के नेतृत्व में आयोजित किया गया।

शिविर में कुल 71 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। जांच के दौरान 07 पुराने उच्च रक्तचाप मरीज, 04 पुराने शुगर मरीज तथा 02 ऐसे मरीज पाए गए, जिनमें बीपी और शुगर दोनों की समस्या पहले से उपचाराधीन थी। वहीं स्क्रीनिंग के दौरान 07 नए मरीजों की पहचान भी की गई।

स्वास्थ्य परीक्षण में 14 व्यक्तियों में उच्च रक्तचाप तथा 09 लोगों में उच्च शुगर स्तर पाया गया। संबंधित मरीजों को आवश्यक परामर्श देने के साथ आगे उपचार के लिए निर्देशित किया गया।

स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि वर्तमान समय की भागदौड़ भरी जीवनशैली, अनियमित खानपान और बढ़ते तनाव के कारण 30 वर्ष से अधिक आयु के लोगों में उच्च रक्तचाप और मधुमेह जैसी गैर-संचारी बीमारियों का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए शासन द्वारा 30 वर्ष से अधिक आयु के सभी व्यक्तियों की नियमित बीपी एवं शुगर जांच कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि बीमारियों की प्रारंभिक अवस्था में पहचान कर समय पर उपचार शुरू किया जा सके।

स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, संतुलित आहार लेने, नियमित व्यायाम करने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की है, ताकि गंभीर बीमारियों से बचाव किया जा सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ