Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

मोहला में मौसम का कहर: आंधी-तूफान से गिरे पेड़, घंटों गुल रही बिजली

NBP NEWS/ मोहला, 09 मई 2026
मोहला-मानपुर जिले में शनिवार को दिनभर भीषण गर्मी और उमस के बाद शाम होते-होते मौसम ने अचानक करवट बदल ली। जिला मुख्यालय मोहला सहित आसपास के क्षेत्रों में तेज आंधी-तूफान और हल्की बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत तो दी, लेकिन कई स्थानों पर पेड़ गिरने, बिजली बाधित होने और आवागमन प्रभावित होने जैसी समस्याएं भी सामने आईं।
जिला मुख्यालय मोहला में अपराह्न बाद अचानक आसमान में काले बादल छा गए और देखते ही देखते तेज हवाओं के साथ मौसम पूरी तरह बदल गया। करीब आधे घंटे तक चली तेज आंधी और हल्की बारिश के चलते बाजार क्षेत्र सहित कई मोहल्लों में अफरा-तफरी का माहौल रहा। रात्रि लगभग आठ बजे भी बारिश दोबारा हुई और  तूफान की वजह से जिले के कई हिस्सों में बिजली व्यवस्था चरमरा गई। मोहला मुख्यालय में भी घंटों बिजली गुल रही। देर रात तक बिजली का आना-जाना लगातार जारी रहा, जिससे लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।
मोहला से गोटाटोला मार्ग के मध्य माडिंगपीडिंग- भुर्सा क्षेत्र में मुख्य सड़क पर पेड़ गिर जाने से घंटों आवागमन बाधित रहा। इस दौरान राहगीरों और वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा। 
इसी तरह मोहला विकासखंड के नेतामटोला, पटेली, अरजकुंड, कुल्हारदोह और कुंवारदल्ली समेत आसपास के गांवों में शनिवार दोपहर लगभग तीन बजे के बाद करीब एक घंटे तक तेज बारिश हुई। बारिश के साथ चले तेज तूफान के कारण नेतामटोला से तेलीटोला जाने वाले मार्ग पर सड़क किनारे स्थित एक विशाल आम का पेड़ टूटकर सड़क के बीचों-बीच गिर पड़ा। इससे कुछ समय के लिए आवाजाही पूरी तरह प्रभावित रही। हालांकि ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए पेड़ हटाकर मार्ग को फिर से चालू कर दिया।
अंबागढ़ चौकी विकासखंड के ग्राम कौड़ीकसा से पाटन मार्ग पर ग्राम अरजकुंड के पास भी एक बड़ा पेड़ जड़ से उखड़कर सड़क किनारे गिर गया। हालांकि यहां यातायात पूरी तरह बाधित नहीं हुआ।
जिले में बीते एक सप्ताह से मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। दोपहर तक तेज धूप और उमस के बाद शाम के समय अचानक बादल, तूफान और बारिश का दौर शुरू हो जाता है। इस बेमौसम बदलाव का असर जनजीवन के साथ-साथ किसानों और बागवानों पर भी पड़ रहा है। खासकर आम की फसल को भारी नुकसान पहुंच रहा है। तेज हवाओं और बारिश के कारण पेड़ों से कच्चे और पके आम बड़ी संख्या में टूटकर गिर रहे हैं, जिससे उत्पादकों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।
हालांकि जिला मुख्यालय मोहला और मानपुर क्षेत्र में मौसम का असर स्पष्ट रूप से देखने को मिला, लेकिन जिले के एकमात्र नगरीय निकाय अंबागढ़ चौकी में पूरे दिन गर्मी का असर बना रहा। यहां शहरी क्षेत्र में मौसम सामान्य रहा, जबकि ग्रामीण इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी और तेज हवाओं की खबर मिली है।
#Mohla #MohlaManpur #nbpnews #WeatherUpdate #StormAlert #Rain #Thunderstorm #BreakingNews #MadhyaPradesh #ChhattisgarhNews #MohlaNews #HeavyRain #AndhiToofan #TreeFell #PowerCut #WeatherChange #NBPNews #PramodNirmal #LocalNews #AamKiFasal #MonsoonAlert

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ