Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

सुशासन तिहार में बंधे 28 जोड़े विवाह सूत्र में, प्रशासन ने दिया गृहस्थी का सहयोग


NBP NEWS/ मोहला, 08 मई 2026
मोहला-मानपुर जिले के ग्राम मार्री में सुशासन तिहार के अंतर्गत मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों से आए 28 जोड़ों का हिन्दू रीति-रिवाज और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह संपन्न कराया गया। कार्यक्रम में जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति ने आयोजन को उत्साह और उल्लास से भर दिया।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित इस सामूहिक विवाह कार्यक्रम में उन गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को राहत मिली, जो आर्थिक अभाव के कारण अपने बच्चों का विवाह कराने में कठिनाइयों का सामना कर रहे थे। सामूहिक विवाह आयोजन ने सामाजिक समरसता और मानवता की अनूठी मिसाल पेश की।
विवाह समारोह के दौरान मंडप में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सभी जोड़ों ने सात फेरे लेकर एक-दूसरे का हाथ थामा। पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह की सभी रस्में पूरी कराई गईं। पूरे आयोजन स्थल पर खुशी, उत्साह और पारिवारिक माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम में कलेक्टर तुलिका प्रजापति सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद एवं खुशहाल वैवाहिक जीवन की कामना की।
इस अवसर पर शासन की मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत प्रत्येक नवदम्पत्ति को 35 हजार रुपए का चेक तथा गृहस्थी उपयोगी सामग्री भी भेंट की गई, ताकि वे अपने नए जीवन की शुरुआत बेहतर ढंग से कर सकें।
नवविवाहित दूल्हे प्रेम दास मानिकपुरी ने शासन और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण विवाह कराना कठिन था, लेकिन शासन की इस योजना से उन्हें बड़ी सहायता मिली है।
वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला परियोजना अधिकारी चंद्रशेखर मिश्रा ने बताया कि शासन की मंशा जरूरतमंद परिवारों को सामाजिक और आर्थिक सहयोग प्रदान करना है। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के माध्यम से सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ