जिले में चल रहे जनगणना अभियान के तहत मकान सूचीकरण कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को कलेक्टर तुलिका प्रजापति द्वारा सम्मानित किया गया। जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक के दौरान चयनित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की गई।
इस अवसर पर खड़गांव ग्रामीण चार्ज के पर्यवेक्षक क्रमांक 006 रमेश सोरी को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उन्होंने 4 मई 2026 को सुपरवाइजरी सर्कल क्रमांक 06 के अंतर्गत सभी 09 हाउस लिस्टिंग ब्लॉकों (एचएलबी) में मकान सूचीकरण कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण किया।
इसी क्रम में औंधी ग्रामीण चार्ज के पर्यवेक्षक क्रमांक 004 शिवेन्द्र सिंह सोरी तथा नगर पंचायत अंबागढ़ चौकी के पर्यवेक्षक क्रमांक 002 श्रीमती संध्या यादव को उनके कुशल नेतृत्व एवं समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के लिए सराहा गया।
खड़गांव ग्रामीण क्षेत्र के प्रगणक क्रमांक 38, 39, 40 एवं 41 श्री शिवदयाल तारम ने 4 मई 2026 को संबंधित एचएलबी में मकान सूचीकरण कार्य पूर्ण किया। वहीं औंधी ग्रामीण क्षेत्र के प्रगणक क्रमांक 0036 एवं 0040 श्री टेकन सिंह जंघेल ने 1 मई 2026 को एसएलबी 0036 में कार्य पूर्ण किया। नगर पंचायत अंबागढ़ चौकी के प्रगणक क्रमांक 009 श्री तोमन आंचले ने भी 1 मई 2026 को एसएलबी 009 में मकान सूचीकरण कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया।
कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने इस अवसर पर सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में उनकी प्रतिबद्धता, दक्षता और समयबद्ध कार्यशैली अत्यंत प्रशंसनीय है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सभी अधिकारी-कर्मचारी इसी तरह समन्वय एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए अभियान को सफल बनाएंगे।
0 टिप्पणियाँ