Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

44 वर्षों की सेवा के बाद यशोदा मेश्राम को भावभीनी विदाई

NBP NEWS/ मोहला, 06 मई 2026 
संकुल केंद्र मोहला में एक गरिमामय समारोह आयोजित कर कन्या प्राथमिक शाला मोहला की प्रधान पाठक यशोदा मेश्राम को सेवानिवृत्ति पर भावभीनी विदाई दी गई। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ की गई, जिसके बाद उपस्थित शिक्षकों और कर्मचारियों ने उनके दीर्घ एवं उत्कृष्ट सेवाकाल को याद किया।
संकुल समन्वयक आशीष वर्मा, मलेश मालेकर एवं भारती ठाकरे ने श्रीमती मेश्राम का संक्षिप्त जीवन परिचय प्रस्तुत करते हुए बताया कि उन्होंने अपने शिक्षकीय जीवन की शुरुआत कन्या प्राथमिक शाला मोहला में सहायक शिक्षक के रूप में की थी। अपने समर्पण और कार्यकुशलता के बल पर वे उसी शाला की प्रधान पाठक बनीं और लगभग 44 वर्षों की उल्लेखनीय सेवा के बाद वहीं से सेवानिवृत्त हुईं।
उद्बोधन के क्रम में प्राचार्य ऊषा पेंद्रे (शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी विद्यालय मोहला), व्याख्याता गीता ठाकुर, प्रधान पाठक सरिता दामले सहित अन्य शिक्षकों ने उनके कार्यों की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि यशोदा मेश्राम ने अपने सेवाकाल में शिक्षकीय और प्रशासनिक दायित्वों का उत्कृष्ट निर्वहन किया। वे हमेशा एक मार्गदर्शक और अभिभावक की भूमिका में रहीं। उनकी सादगी, समयबद्धता और ईमानदारी ने विद्यालय के वातावरण को अनुशासित और प्रेरणादायी बनाया।
संकुल परिवार की ओर से उन्हें शॉल, श्रीफल, प्रतीक चिन्ह एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर भावुक माहौल के बीच श्रीमती मेश्राम ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि शिक्षकीय सेवा एक ऐसा क्षेत्र है, जहां जीवनभर सम्मान और आदर मिलता है। उन्होंने अपने सेवाकाल के दौरान मिले सहयोग के लिए सभी शिक्षकों, पालकों एवं शिक्षा अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। साथ ही संकुल परिवार द्वारा आयोजित सम्मानपूर्ण विदाई समारोह के लिए धन्यवाद देते हुए विद्यालय को एक आलमारी भेंट की।
कार्यक्रम का संचालन संतोष नेताम ने किया। इस अवसर पर मनोज देवांगन, राजू चौरे, हेमलता रावटे, किरणबाला लाटियां, सबिया कुरैशी, अनिता चौरे, पार्वती राणा, पुष्पलता बुआरे, हिरौंदा रावटे, अहिल्या जुरेशिया, अंजना साहू, राजकुमारी सोनवानी, सपना तिग्गा, सुनैना भारद्वाज सहित संकुल के शिक्षक एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ