क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए सुरक्षा बलों को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। 44वीं वाहिनी आईटीबीपी और जिला रिजर्व गार्ड (DRG) की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों के एक संदिग्ध डंप का भंडाफोड़ करते हुए भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विश्वसनीय आसूचना के आधार पर सीओबी पदमेता से आईटीबीपी और डीआरजी द्वारा संयुक्त एरिया डोमिनेशन एवं सर्च ऑपरेशन चलाया गया। यह कार्रवाई ग्राम कुमनार नारायणपुर के आसपास घने वन क्षेत्र में संभावित नक्सली ठिकानों की तलाश के लिए की गई थी।
सघन तलाशी के दौरान पदमेता सीओबी से लगभग 8 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम दिशा में एक संदिग्ध डंप का पता चला। सुरक्षा बलों ने तत्काल क्षेत्र की घेराबंदी कर बम निरोधक दस्ता (BDDS) से जांच कराई। क्षेत्र को सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद टीम ने डंप और आसपास के इलाके की गहन तलाशी ली।
इस दौरान सुरक्षा बलों ने निम्न सामग्री बरामद की:
2 AK-47 राइफल
1 देशी कट्टा
113 नग 7.62 मिमी जिंदा कारतूस
3 AK-47 मैगजीन
40 डेटोनेटर
8 नग 12 बोर कारतूस
1 इंसास बेनेट
इसके अलावा मौके से मिले अन्य सामान जैसे विद्युत तार, नक्सली वर्दी, पाउच, दवाइयाँ और साहित्य को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
बरामद हथियार और विस्फोटक सामग्री को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए डीआरजी एवं राज्य पुलिस को सौंप दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि यह डंप नक्सलियों की भविष्य की किसी बड़ी साजिश का हिस्सा हो सकता था।
ऑपरेशन के बाद सभी जवान सुरक्षित रूप से सीओबी पदमेता लौट आए। पूरे अभियान के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।
सुरक्षा बलों की सतर्कता से टली बड़ी साजिश, क्षेत्र में बढ़ा सुरक्षा का भरोसा।
0 टिप्पणियाँ