Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

मानपुर की राशन दुकानों में बड़ा घोटाला उजागर, कई दुकानों पर कार्रवाई


NBP NEWS/ औंधी, 1 मई 2026।
जिले के मानपुर विकासखंड में शासकीय उचित मूल्य दुकानों की जांच के दौरान राशन वितरण में गंभीर अनियमितताएँ सामने आई हैं। कलेक्टर तुलिका प्रजापति के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में कई दुकानों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए संचालन निलंबित और निरस्त किया गया है।

जांच के अनुसार, जामड़ी स्थित उचित मूल्य दुकान, जिसका संचालन कमल स्व सहायता समूह गट्टेपायली द्वारा किया जा रहा था, वहां फरवरी और मार्च माह में 50 हितग्राहियों के ई-पॉस मशीन में अंगूठा लगने के बावजूद उन्हें राशन नहीं दिया गया। इस मामले की जांच सहायक खाद्य अधिकारी धरमु राम किरंगे और प्रभारी तहसीलदार दिलीप साहू द्वारा की गई। रिपोर्ट के आधार पर अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) मानपुर को प्रतिवेदन सौंपा गया है तथा संबंधित समूह को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

इसी तरह सरखेड़ा की उचित मूल्य दुकान, जिसका संचालन प्रज्ञा शील करूणा स्व सहायता समूह अरजगुबला द्वारा किया जा रहा था, वहां मार्च माह में 108 हितग्राहियों को राशन नहीं मिलने की शिकायत सही पाई गई। जांच सहायक खाद्य अधिकारी धरमू किरंगे और खाद्य निरीक्षक हेमंत नायक द्वारा की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने दुकान का संचालन तत्काल प्रभाव से निलंबित कर इसे आदिम जाति सेवा सहकारी समिति औंधी से संलग्न कर दिया है।
वहीं साल्हेभट्टी की उचित मूल्य दुकान में भी अनियमितता पाए जाने पर उसका संचालन निरस्त कर दिया गया है। अब इस दुकान की जिम्मेदारी सहेली स्व सहायता समूह साल्हेभट्टी को सौंपी गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ