कांग्रेस पार्टी द्वारा चलाए जा रहे “संगठन सृजन” अभियान के तहत जिले के तीनों ब्लॉकों में व्यापक बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों का नेतृत्व डोंगरगढ़ के पूर्व विधायक एवं प्रभारी भुनेश्वर बघेल ने किया। कार्यक्रम में नव-नियुक्त पदाधिकारियों का पुष्पहार से स्वागत करते हुए उन्हें संगठनात्मक जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया।
बैठकों में प्रभारी महामंत्री दिनेश शाह मंडावी, कन्हैया राजपूत, उपेंद्र मिश्रा, जिला अध्यक्ष सुरजीत सिंह ठाकुर, महामंत्री अब्दुल खलीक, महिला जिलाध्यक्ष सईदा खान, पुष्पा मंडावी, राजू पोटावी, रवींद्र सलामे, विधायक प्रतिनिधि ऋषभ ठाकुर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
प्रभारी भुनेश्वर बघेल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस का हर कार्यकर्ता एक पदाधिकारी के समान है और संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि मानपुर विधानसभा क्षेत्र कांग्रेस का मजबूत गढ़ है, जहां विकास कार्यों के चलते जनता का विश्वास कायम है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान में भाजपा क्षेत्र में छल-बल की राजनीति कर रही है, जिसका संगठित रूप से विरोध करना आवश्यक है।
उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान परिदृश्य में कांग्रेस को भाजपा, आरएसएस और अडानी जैसे तीन बड़े चुनौतियों का सामना करना है और पार्टी इन सभी से मिलकर लड़ेगी। उन्होंने गांधीवादी विचारधारा का उल्लेख करते हुए कहा कि देश का विकास तभी सार्थक होगा जब अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे।
पंचायत स्तर तक संगठन विस्तार की योजना
संगठन सृजन अभियान के तहत कांग्रेस ने पंचायत स्तर तक संगठन को मजबूत करने की रणनीति बनाई है। गांवों के सक्रिय युवाओं और जनप्रतिनिधियों को पंचायत प्रभारी बनाया जाएगा। प्रत्येक पंचायत में बूथ स्तर के साथ 10 सदस्यीय टीम गठित कर उन्हें पार्टी गतिविधियों के संचालन की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
बैठकों के नियमित आयोजन के लिए समय-सारणी भी तय की गई है, जिसके अनुसार हर माह 7 तारीख को जोन, 14 को ब्लॉक, 21 को जिला और 28 को पंचायत स्तर पर बैठक आयोजित की जाएगी।
मानपुर ब्लॉक कार्यकारिणी का गठन
मानपुर ब्लॉक कार्यकारिणी में चाणक्य मेरिया को कोषाध्यक्ष, हरिशंकर मिश्रा, अभिमन्यु मंडावी, श्रवण बढ़ाई, सुरेखा सोरी, फूलसिंह मरकाम और अजीज खान को उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं बाला राम मंडावी, भुनेश्वर ठंडिया, ललित ठाकुर, करण बोगा, धर्मेंद्र साहू, बालकृष्ण मेश्राम, आबिद अली और सुरेश गंधर्व को महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मंडल संयोजक के रूप में घसिया राम नाग (औंधी), बलराम मंडावी (भरीटोला), सईदा खान (खड़गांव), परमेश्वर कोठारी (मानपुर) और रामप्रसाद भूआर्य (सीतागांव) को नियुक्त किया गया है।
अन्य ब्लॉकों में भी आयोजन
इसी अभियान के तहत अंबागढ़ चौकी में जिला महामंत्री रफीक खान, लता साव और पूर्व उपाध्यक्ष रितेश मेश्राम के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित हुआ। वहीं मोहला में जिला कोषाध्यक्ष नारायण खंडेलवाल, महामंत्री राजकुमार ध्रुव और उपाध्यक्ष महेश कुंजाम के नेतृत्व में पदाधिकारियों का स्वागत किया गया।
भाजपा सरकार पर निशाना
कार्यक्रम में विधायक इंद्रशाह मंडावी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान सरकार किसानों, मजदूरों और आम जनता के हितों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि धान खरीदी में अव्यवस्था, मनरेगा कार्यों में कमी, आवास राशि में कटौती और बढ़ती महंगाई से जनता परेशान है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में मोहला-मानपुर क्षेत्र को जिला का दर्जा मिला, नई तहसीलों का गठन हुआ और बिजली, सड़क, पुल-पुलिया सहित कई विकास कार्य किए गए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इन उपलब्धियों और भाजपा सरकार की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं।
संगठन सृजन अभियान के माध्यम से कांग्रेस पार्टी जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करने में जुटी है। पंचायत स्तर तक संगठन विस्तार की रणनीति और नियमित बैठकों की योजना से पार्टी आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए अपनी स्थिति मजबूत करने का प्रयास कर रही है।
0 टिप्पणियाँ