Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

सुशासन तिहार की तैयारियां पूरी करें, आवेदनों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें – प्रभारी सचिव पी.एस. एल्मा


NBP NEWS मोहला, 30 अप्रैल 2026
जिले में सुशासन तिहार-2026 की तैयारियों को लेकर प्रभारी सचिव पी.एस. एल्मा ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में बुधवार को जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति का आकलन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारी यशपाल सिंह और डीएफओ दिनेश पटेल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में प्रभारी सचिव ने सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त होने वाले आवेदनों के त्वरित और समयबद्ध निराकरण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी-कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें और मुख्यमंत्री जनदर्शन के तहत प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करें। शिविर स्थलों पर पेयजल, बैठने की व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं को समय से उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए। साथ ही, जिले में चल रहे जनगणना कार्यों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।

स्वास्थ्य एवं पोषण पर विशेष जोर

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान शिशु मृत्यु दर और कुपोषण की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए स्वास्थ्य एवं महिला एवं बाल विकास विभाग को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। मातृ-शिशु मृत्यु दर में कमी लाने, हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी, संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने और टीकाकरण में सुधार लाने पर विशेष बल दिया गया।

पीएम आवास योजना की प्रगति की समीक्षा

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा के दौरान जिले में संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना की विकासखण्डवार प्रगति का मूल्यांकन किया गया। प्रभारी सचिव ने कहा कि कुल मिलाकर प्रगति संतोषजनक है, लेकिन जिन क्षेत्रों में काम धीमा है, वहां विशेष ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने पहली किस्त जारी होने के बाद निर्माण कार्य समय पर पूरा करने और दूसरी किस्त के वितरण में हो रही देरी को दूर करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा कोरिया मॉडल आधारित वर्षा जल संचयन कार्यों, एनआरएलएम के तहत ‘लखपति दीदी’ योजना और स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत ओडीएफ प्लस मॉडल की प्रगति की भी विस्तार से समीक्षा की गई।

बैंकिंग और शिक्षा सुविधाओं पर भी चर्चा

लीड बैंक की समीक्षा में जिले में नई बैंक शाखाएं खोलने और ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं का विस्तार करने पर जोर दिया गया। साथ ही ऋण प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए। शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान विद्यार्थियों को साइकिल वितरण, पीएम श्री स्कूलों में परिवहन सुविधा और बच्चों के हेल्थ कार्ड बनाने के निर्देश भी दिए गए।
समन्वय से होगा प्रभावी क्रियान्वयन

बैठक के अंत में प्रभारी सचिव ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर जी.आर. मरकाम, अपर कलेक्टर मिथलेश डोंडे, एसडीएम मानपुर अमित नाथ योगी, डिप्टी कलेक्टर डी.आर. ध्रुव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ