NBP NEWS/ मोहला, 29 अप्रैल 2026 छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित वर्ष 2025-26 के हाईस्कूल (10वीं) और हायर सेकेंडरी (12वीं) परीक्षा परिणाम में मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के विद्यार्थियों ने कुल मिलाकर बेहतर प्रदर्शन किया है। इस वर्ष 12वीं कक्षा का परिणाम जहां पिछले साल की तुलना में बेहतर रहा, वहीं 10वीं के परिणाम में गिरावट दर्ज की गई है।
जिले में 12वीं का परिणाम 92.07 प्रतिशत रहा, जो पिछले वर्ष के 91 प्रतिशत से अधिक है। दूसरी ओर 10वीं का परिणाम 88.06 प्रतिशत दर्ज किया गया, जो पिछले साल के 93 प्रतिशत की तुलना में कम है।
टॉपर्स ने बढ़ाया मान
कक्षा 10वीं में अंबागढ़ चौकी के संस्कार हायर सेकेंडरी स्कूल के छात्र हर्ष साहू ने 92.17 प्रतिशत अंक हासिल कर जिला टॉप किया। जादूटोला शासकीय स्कूल के तरुण कुमार साहू 91.17 प्रतिशत के साथ दूसरे और सेजेस खड़गांव की छात्रा सुषमा 90.17 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
वहीं कक्षा 12वीं में रेंगाकठेरा हायर सेकेंडरी स्कूल के छात्र तिलोक ने 93.80 प्रतिशत अंक के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। सेजेस मोहला की नूपुर सोनी 93.60 प्रतिशत के साथ दूसरे और कौड़ीकासा के रामेश्वर लाल साहू 92.20 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
आंकड़ों में प्रदर्शन
जिला शिक्षा अधिकारी योग दास के अनुसार, 10वीं कक्षा में कुल 3467 विद्यार्थियों में से 3403 परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें 2997 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। इनमें 1328 प्रथम, 1537 द्वितीय और 132 तृतीय श्रेणी में रहे।
इसी प्रकार 12वीं कक्षा में 3063 में से 3039 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें 2788 विद्यार्थी सफल रहे। इनमें 1673 प्रथम, 1095 द्वितीय और 20 तृतीय श्रेणी में शामिल हैं।
प्रावीण्य सूची में जगह नहीं, विभाग चिंतित
बेहतर परिणाम के बावजूद इस बार जिले का कोई भी विद्यार्थी प्रदेश की प्रावीण्य सूची में स्थान नहीं बना पाया। इसे लेकर शिक्षा विभाग ने चिंता जताई है और आगामी सत्र में सुधार के लिए ठोस रणनीति बनाने की बात कही है।
नियमित टेस्ट और अतिरिक्त कोचिंग पर जोर
शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार अब विद्यालयों में नियमित टेस्ट पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। त्रैमासिक परीक्षाओं के बाद कमजोर विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त कोचिंग कक्षाएं शुरू की जाएंगी, ताकि आने वाले वर्षों में जिले के विद्यार्थी न केवल बेहतर परिणाम दें, बल्कि प्रदेश की प्रावीण्य सूची में भी स्थान बना सकें।
0 टिप्पणियाँ