Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

स्व-गणना की शुरुआत: कलेक्टर ने खुद भरा फॉर्म, नागरिकों से डिजिटल भागीदारी की अपील

NBP NEWS/ मोहला, 24 अप्रैल 2026। जिले में जनगणना की तैयारियों के तहत 16 अप्रैल से स्व-गणना प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने स्वयं निर्धारित पोर्टल के माध्यम से अपना स्व-गणना पत्रक ऑनलाइन भरकर नागरिकों को डिजिटल भागीदारी का संदेश दिया।
कलेक्टर ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे जनगणना कार्य में सहयोग करें और प्रगणकों को सही एवं सटीक जानकारी दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिकों द्वारा दी गई जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और इसका उपयोग किसी भी प्रकार के साक्ष्य के रूप में नहीं किया जाएगा।
16 से 30 अप्रैल तक स्व-गणना, 1 मई से सत्यापन

प्रशासन के अनुसार, 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक नागरिक स्वयं ऑनलाइन स्व-गणना फॉर्म भर सकते हैं। इसके बाद 1 मई से 30 मई के बीच प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी का सत्यापन करेंगे। यदि कोई व्यक्ति स्वयं फॉर्म नहीं भर पाता है, तो प्रगणक उसके घर पहुंचकर आवश्यक जानकारी एकत्र करेंगे।
पहली बार मिली स्व-गणना की सुविधा

इस बार जनगणना में पहली बार नागरिकों को ऑनलाइन स्वयं जानकारी भरने की सुविधा दी गई है। घर का मुखिया मोबाइल के माध्यम से फॉर्म भर सकता है, हालांकि एक मोबाइल नंबर से केवल एक ही फॉर्म भरा जा सकेगा। यह प्रक्रिया सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक उपलब्ध रहेगी। फॉर्म भरने के बाद एक यूनिक आईडी प्राप्त होगी, जिसे सत्यापन के समय प्रगणक को बताना होगा।
दो चरणों में होगी जनगणना

जनगणना का कार्य दो चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में 1 मई से 30 मई तक मकान सूचीकरण और मकानों की गणना (एचएलओ) की जाएगी। इस दौरान प्रगणक “सेन्सस 2027 हाउस लिस्ट मोबाइल ऐप” के जरिए डिजिटल डेटा संग्रह करेंगे और स्व-गणना से प्राप्त जानकारी का सत्यापन भी करेंगे।

प्रशासन द्वारा यह भी बताया गया कि एकत्रित आंकड़ों की बहुस्तरीय जांच की जाएगी। पहले पर्यवेक्षक स्तर पर और फिर चार्ज अधिकारी द्वारा फील्ड में जाकर सत्यापन किया जाएगा, जिससे किसी भी त्रुटि को समय रहते सुधारा जा सके।
योजनाओं और विकास के लिए अहम होंगे आंकड़े

जनगणना से प्राप्त आंकड़े किसी भी योजना के लाभार्थियों की पात्रता तय करने के लिए नहीं, बल्कि कल्याणकारी योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के वितरण और निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन के लिए आधार बनते हैं।
नागरिकों को स्व-गणना के लिए आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in/ के माध्यम से अपनी जानकारी भरने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। प्रशासन ने सभी से इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी की अपील की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ