Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

सीईओ जिला पंचायत ने ऑनलाइन भरा पहला स्व-गणना फॉर्म, नागरिकों से सहयोग की अपील

NBP NEWS/ मोहला, 18 अप्रैल 2026

जिले में जनगणना-2027 के तहत 16 अप्रैल से स्व-गणना (Self Enumeration) की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस नई व्यवस्था के तहत अब नागरिक स्वयं ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी जानकारी भर सकते हैं। इसी क्रम में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) भारती चंद्राकर ने निर्धारित पोर्टल पर अपना स्व-गणना पत्रक भरकर पहल की।
सीईओ चंद्राकर ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे जनगणना कार्य में पूर्ण सहयोग दें और प्रगणकों को सही एवं सटीक जानकारी प्रदान करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नागरिकों द्वारा दी गई सभी जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और इसका उपयोग किसी भी प्रकार के कानूनी साक्ष्य के रूप में नहीं किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि जनगणना के आंकड़े किसी योजना के लाभार्थियों के चयन के लिए नहीं, बल्कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की रूपरेखा तैयार करने, संसाधनों के उचित वितरण और निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों के लिए उपयोग किए जाते हैं।
स्व-गणना की प्रक्रिया और समय
नागरिकों की सुविधा के लिए स्व-गणना की प्रक्रिया को सरल बनाया गया है। घर का मुखिया ऑनलाइन फॉर्म भर सकता है। एक मोबाइल नंबर से केवल एक ही स्व-गणना फॉर्म भरा जा सकेगा। यह सुविधा रोजाना सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक उपलब्ध रहेगी। फॉर्म भरने के बाद एक यूनिक आईडी प्राप्त होगी, जिसे प्रगणक के घर आने पर दिखाना आवश्यक होगा।
यदि कोई नागरिक स्व-गणना नहीं कर पाता है, तो 1 मई से 30 मई 2026 के बीच प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी एकत्रित करेंगे।

दो चरणों में होगी जनगणना प्रक्रिया
भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त कार्यालय के निर्देशानुसार जनगणना दो चरणों में पूरी की जाएगी। पहले चरण में 1 मई से 30 मई 2026 तक मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना (हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन) किया जाएगा। इस दौरान प्रगणक "सेंसस 2027 हाउस लिस्ट मोबाइल एप" के माध्यम से डिजिटल डाटा संग्रह करेंगे।
साथ ही, ऑनलाइन भरी गई स्व-गणना की जानकारी का सत्यापन भी किया जाएगा। प्राप्त डाटा की बहुस्तरीय जांच की जाएगी, जिसमें पहले पर्यवेक्षक और फिर चार्ज अधिकारी द्वारा पुनः सत्यापन कर त्रुटियों को सुधारा जाएगा।

नागरिकों को मिला स्व-गणना का अवसर
शासन द्वारा नागरिकों को पहली बार स्व-गणना का विकल्प दिया गया है। इच्छुक व्यक्ति आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in/ के माध्यम से अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं। यह पहल जनगणना प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, तेज और सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ