जिले के भागलपुर में भावसर फाउंडेशन द्वारा RAMP योजना (Raising & Accelerating MSME Performance) के अंतर्गत दिनांक 16 फरवरी 2026 को एक दिवसीय जिला स्तरीय उद्यमिता विकास संवेदीकरण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय युवाओं एवं इच्छुक उद्यमियों को स्वरोजगार के प्रति प्रेरित करते हुए सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (MSME) क्षेत्र की संभावनाओं से अवगत कराना रहा।
RAMP योजना भारत सरकार और विश्व बैंक के संयुक्त प्रयास से संचालित एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका मुख्य उद्देश्य MSME क्षेत्र की उत्पादकता बढ़ाना, बाजार तक पहुंच को सुदृढ़ करना तथा प्रतिस्पर्धात्मकता को बढ़ावा देना है। साथ ही यह योजना उद्यमों के प्रदर्शन को बेहतर बनाकर उन्हें गति प्रदान करने की दिशा में कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में उद्यमिता विकास प्रशिक्षक डोमेन्द्र वर्मा ने प्रतिभागियों को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने RAMP योजना के उद्देश्य एवं लाभ, उद्यमिता विकास एवं MSME के अंतर्गत उपलब्ध अवसर, वित्तीय सहायता एवं क्रेडिट लिंकेज प्रक्रिया, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन एवं बाजार तक पहुंच, कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की। इसके साथ ही लघु वनोपज के प्रसंस्करण, संरक्षण एवं उससे जुड़े व्यवसायिक अवसरों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।
प्रशिक्षण में कुल 30 प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने वित्तीय व्यवस्था, सरकारी योजनाओं के लिए आवश्यक दस्तावेजीकरण, व्यवसायिक योजना निर्माण, टिकाऊ व्यवसाय, बाजार सर्वेक्षण एवं बाजार लिंकेज जैसे विषयों पर अपने प्रश्न रखे, जिनका प्रशिक्षक द्वारा संतोषजनक समाधान किया गया।
कार्यक्रम के अंत में डोमेन्द्र वर्मा ने सभी प्रतिभागियों को भविष्य में अपने व्यवसाय की सफल शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं। इस प्रकार यह संवेदीकरण कार्यक्रम उत्साहपूर्ण माहौल में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
0 टिप्पणियाँ