जिले के भागलपुर में भावसर फाउंडेशन द्वारा RAMP योजना (Raising & Accelerating MSME Performance) के अंतर्गत दिनांक 17 फरवरी 2026 एक दिवसीय जिला स्तरीय उद्यमिता विकास संवेदीकरण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय युवाओं एवं इच्छुक उद्यमियों को स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ते हुए सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (MSME) क्षेत्र के प्रति जागरूक करना रहा।
यह योजना भारत सरकार और विश्व बैंक के संयुक्त प्रयास से संचालित एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका लक्ष्य MSME क्षेत्र की उत्पादकता बढ़ाना, बाजार तक पहुंच सुदृढ़ करना और प्रतिस्पर्धात्मकता को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम में उद्यमिता विकास प्रशिक्षक डोमेन्द्र वर्मा एवं अनीता वर्मा ने प्रतिभागियों को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने RAMP योजना के उद्देश्य एवं लाभ, MSME के अंतर्गत उपलब्ध अवसर, वित्तीय सहायता एवं क्रेडिट लिंकेज प्रक्रिया, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, बाजार तक पहुंच, कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी साझा की। साथ ही लघु वनोपज के प्रसंस्करण, संरक्षण एवं उससे जुड़े व्यवसायिक अवसरों पर भी प्रकाश डाला।
प्रशिक्षण में कुल 30 प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। प्रशिक्षण सत्र के दौरान प्रतिभागियों ने वित्तीय प्रबंधन, सरकारी योजनाओं के लिए आवश्यक दस्तावेजीकरण, व्यवसायिक योजना निर्माण, टिकाऊ व्यवसाय, बाजार सर्वेक्षण एवं बाजार लिंकेज जैसे विषयों पर अपने सवाल रखे, जिनका प्रशिक्षकों द्वारा विस्तारपूर्वक समाधान किया गया।
कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षकों ने सभी प्रतिभागियों को भविष्य में अपने-अपने व्यवसाय की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं। इस प्रकार यह संवेदीकरण कार्यक्रम उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
0 टिप्पणियाँ