जिले के लैलूंगा स्थित मीटिंग भवन में 18 फरवरी 2026 को RAMP (Raising & Accelerating MSME Performance) योजना के अंतर्गत जिला स्तरीय एक दिवसीय उद्यमिता विकास संवेदीकरण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन भावसर फाउंडेशन द्वारा किया गया, जिसमें युवाओं और उद्यमिता से जुड़ने के इच्छुक प्रतिभागियों को विभिन्न योजनाओं और अवसरों की जानकारी दी गई।
यह योजना भारत सरकार और विश्व बैंक के संयुक्त प्रयास से संचालित की जा रही है, जिसका उद्देश्य सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) की उत्पादकता बढ़ाना, बाजार तक उनकी पहुंच मजबूत करना तथा प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को विकसित करना है। कार्यक्रम के माध्यम से MSME के प्रदर्शन को बेहतर बनाने और उद्यमियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
प्रशिक्षण सत्र में उद्यमिता विकास प्रशिक्षक भरत यादव ने प्रतिभागियों को RAMP योजना के उद्देश्य एवं लाभ, उद्यमिता विकास के अवसर, MSME के अंतर्गत वित्तीय सहायता एवं क्रेडिट लिंकिंग प्रक्रिया, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन और बाजार तक पहुंच बढ़ाने के उपायों के साथ-साथ कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम में कुल 30 प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने उद्यमिता से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। प्रशिक्षण के उपरांत आगामी समय में आयोजित होने वाले 12 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए भी प्रतिभागियों की सहमति ली गई।
अंत में प्रशिक्षक भरत यादव ने सभी प्रतिभागियों को उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए शुभकामनाएं दीं और कार्यक्रम का औपचारिक रूप से समापन किया। यह कार्यक्रम जिले में युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
0 टिप्पणियाँ