Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

कोटा में RAMP योजना अंतर्गत 12 दिवसीय उद्यमिता प्रशिक्षण संपन्न, 30 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा

NBP NEWS/कोटा,16 मार्च 2026
सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से आयोजित RAMP योजना के तहत जिला स्तरीय 12 दिवसीय उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 18 फरवरी 2026 से 2 मार्च 2026 तक कोटा स्थित विश्वास सामाजिक संस्थान प्रशिक्षण केंद्र में भावसर फाउंडेशन के द्वारा आयोजित किया गया।

यह कार्यक्रम RAMP (Raising & Accelerating MSME Performance) योजना के अंतर्गत आयोजित किया गया, जो भारत सरकार और विश्व बैंक के संयुक्त प्रयासों से संचालित एक महत्वपूर्ण पहल है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (MSMEs) की उत्पादकता बढ़ाना, उन्हें बाजार से जोड़ना तथा उनकी प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को मजबूत करना है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में उद्यमिता विकास प्रशिक्षक संध्या चन्द्रसेन ने प्रतिभागियों को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को RAMP योजना के उद्देश्य एवं लाभ, उद्यमिता विकास और MSME के अवसर, MSME के अंतर्गत वित्तीय सहायता एवं क्रेडिट लिंकेज प्रक्रिया, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन और बाजार तक पहुंच, कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम तथा विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 30 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए उद्यम शुरू करने से संबंधित कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा की।

प्रशिक्षण के समापन पर प्रश्न-उत्तर सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने वित्तीय व्यवस्था, सरकारी योजनाओं के लिए आवश्यक दस्तावेजीकरण, व्यवसायिक योजना निर्माण, टिकाऊ व्यवसाय मॉडल, बाजार सर्वेक्षण और बाजार लिंकेज जैसे विषयों पर अपने सवाल रखे। प्रशिक्षक द्वारा इन सभी प्रश्नों के संतोषजनक उत्तर दिए गए।

कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षक संध्या चन्द्रसेन ने सभी प्रतिभागियों को भविष्य में अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए शुभकामनाएं देते हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम का औपचारिक समापन किया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम स्थानीय युवाओं एवं संभावित उद्यमियों के लिए आत्मनिर्भर बनने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ