जिले के सरहदी इलाके में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच आमना-सामना होने की खबर सामने आई है। यह घटना औंधी थाना क्षेत्र अंतर्गत कोहकाटोला–आमपायली गांव के आसपास जंगल क्षेत्र में हुई, जहां पुलिस की सर्चिंग टीम ने आज दोपहर तीन बजे के करीब नक्सलियों के ठिकाने को घेर लिया।
जानकारी के अनुसार बस्तर और महाराष्ट्र की सीमा से लगे इस घने जंगल में तीन नक्सल कैडर के मौजूद होने की सूचना सुरक्षा बलों को मिली थी। इसके बाद मोहला-मानपुर जिले के सुरक्षा जवानों ने इलाके में घेराबंदी करते हुए सर्चिंग अभियान शुरू किया।
बताया जा रहा है कि पुलिस की मौजूदगी का आभास होते ही नक्सली मौके से जान बचाकर भाग निकले। इस दौरान दोनों ओर से किसी प्रकार की फायरिंग नहीं हुई और सभी जवान सुरक्षित हैं।
सर्चिंग के दौरान सुरक्षा बलों को नक्सलियों के ठिकाने से एक इंसास रायफल, 15 नग जिंदा कारतूस तथा नक्सल गतिविधियों से जुड़ी अन्य सामग्री बरामद हुई है। बरामद सामान को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
घटनास्थल बस्तर के पखांजूर इलाके से लगा हुआ है, जबकि दूसरी ओर महाराष्ट्र की सीमा भी मौजूद है, जिससे यह इलाका नक्सल गतिविधियों के लिहाज से संवेदनशील माना जाता है।
मोहला-मानपुर जिले के पुलिस अधीक्षक वाय पी सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि क्षेत्र में सुरक्षा बलों द्वारा लगातार सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है और नक्सलियों की तलाश की जा रही है।
0 टिप्पणियाँ