Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

RAMP योजना के तहत लैलूंगा के केंदा टिकरा में 1 दिवसीय उद्यमिता विकास प्रशिक्षण का सफल आयोजन

NBP NEWS/रायगढ़,16 मार्च 2026
विकासखंड लैलूंगा के ग्राम केंदा टिकरा स्थित सामुदायिक भवन में 8 फरवरी 2026 को भावसर फाउंडेशन के द्वारा जिला स्तरीय 1 दिवसीय उद्यमिता विकास संवेदीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम RAMP (Raising & Accelerating MSME Performance) योजना के अंतर्गत आयोजित किया गया, जो भारत सरकार और विश्व बैंक के संयुक्त सहयोग से संचालित एक महत्वपूर्ण पहल है।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (MSMEs) की उत्पादकता बढ़ाना, बाजार तक उनकी पहुंच को मजबूत करना तथा उद्यमियों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को विकसित करना है। इस योजना के माध्यम से उद्यमियों को व्यवसाय शुरू करने और उसे आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन, वित्तीय सहायता तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की जाती है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में उद्यमिता विकास प्रशिक्षक राहुल टिक्कू ने प्रतिभागियों को विस्तार से जानकारी देते हुए विभिन्न विषयों पर उन्मुखीकरण किया। इनमें RAMP योजना के उद्देश्य एवं लाभ, उद्यमिता विकास एवं MSME के लिए उपलब्ध अवसर, MSME के अंतर्गत वित्तीय सहायता और क्रेडिट लिंकेज की प्रक्रिया, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन के माध्यम से बाजार तक पहुंच बढ़ाने के तरीके तथा कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रमों और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी शामिल रही।

प्रशिक्षक राहुल टिक्कू ने सहभागितापूर्ण तरीके से प्रशिक्षण संचालित किया, जिससे प्रतिभागियों को विषयों को समझने में आसानी हुई। प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 30 प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से भाग लेकर उद्यमिता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रतिभागियों से भविष्य में आयोजित होने वाले 12 दिवसीय उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने के लिए सहमति भी प्राप्त की गई। अंत में प्रशिक्षक राहुल टिक्कू ने आगामी प्रशिक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और औपचारिक रूप से कार्यक्रम का समापन किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ