Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

MSME को बढ़ावा देने हीरापुर में 30 प्रतिभागियों को दिया गया प्रशिक्षण

NBP NEWS/रायगढ़,16 मार्च 2026
विकासखंड लैलूंगा के ग्राम हीरापुर स्थित सामुदायिक भवन में 22 जनवरी 2026 को भावसर फाउंडेशन द्वारा जिला स्तरीय 1 दिवसीय उद्यमिता विकास संवेदीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम RAMP (Raising & Accelerating MSME Performance) योजना के अंतर्गत आयोजित किया गया, जो भारत सरकार एवं विश्व बैंक के संयुक्त सहयोग से संचालित एक महत्वपूर्ण पहल है।

इस योजना का मुख्य उद्देश्य सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (MSMEs) की उत्पादकता बढ़ाना, बाजार तक उनकी पहुंच को सुदृढ़ करना तथा उद्यमियों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को विकसित करना है। साथ ही MSME के प्रदर्शन को बेहतर बनाते हुए उन्हें आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करना भी इसका प्रमुख लक्ष्य है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में उद्यमिता विकास प्रशिक्षक देवाशीष ने प्रतिभागियों को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने RAMP योजना के उद्देश्य एवं लाभ, उद्यमिता विकास एवं MSME के लिए उपलब्ध अवसर, MSME के अंतर्गत वित्तीय सहायता एवं क्रेडिट लिंकेज प्रक्रिया, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन के माध्यम से बाजार तक पहुंच बढ़ाने के उपाय तथा कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की।

प्रशिक्षण को सहभागितापूर्ण तरीके से संचालित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने सवालों के समाधान प्राप्त किए। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 30 प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से भाग लेकर उद्यमिता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कीं।

कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों से आगामी समय में आयोजित होने वाले 12 दिवसीय उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने के लिए सहमति भी ली गई। समापन अवसर पर प्रशिक्षक देवाशीष ने प्रतिभागियों को भविष्य में होने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रमों के बारे में जानकारी देते हुए उन्हें सफल उद्यमी बनने के लिए शुभकामनाएं दीं और औपचारिक रूप से कार्यक्रम का समापन किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ