जशपुर ब्लॉक पंचायत परिसर में 17 फरवरी 2026 को भावसर फाउंडेशन द्वारा जिला स्तरीय 1 दिवसीय उद्यमिता विकास संवेदीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम RAMP (Raising & Accelerating MSME Performance) योजना के अंतर्गत आयोजित किया गया, जो भारत सरकार और विश्व बैंक के संयुक्त सहयोग से संचालित एक महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (MSMEs) की उत्पादकता में वृद्धि करना, उद्यमियों की बाजार तक पहुंच को मजबूत बनाना तथा उनकी प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को बढ़ावा देना है। इस योजना के माध्यम से संभावित उद्यमियों को व्यवसाय स्थापित करने और उसे आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन, वित्तीय सहायता तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की जाती है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में उद्यमिता विकास प्रशिक्षक डोमेन्द्र वर्मा ने प्रतिभागियों को उद्यमिता से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने RAMP योजना के उद्देश्य एवं लाभ, उद्यमिता विकास एवं MSME के लिए उपलब्ध अवसर, MSME के तहत वित्तीय सहायता एवं क्रेडिट लिंकेज की प्रक्रिया, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन के माध्यम से बाजार तक पहुंच बढ़ाने के उपाय तथा कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रमों और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
प्रशिक्षण को सहभागी पद्धति से संचालित किया गया, जिससे प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से चर्चा में भाग लिया और अपने सवालों के समाधान प्राप्त किए। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 30 प्रतिभागियों ने भाग लेकर उद्यमिता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कीं।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों से आगामी समय में आयोजित होने वाले 12 दिवसीय उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने के लिए सहमति भी प्राप्त की गई। समापन अवसर पर प्रशिक्षक डोमेन्द्र वर्मा ने प्रतिभागियों को भविष्य के प्रशिक्षण कार्यक्रमों के बारे में जानकारी देते हुए उन्हें सफल उद्यमी बनने के लिए शुभकामनाएं दीं और औपचारिक रूप से कार्यक्रम का समापन किया।
0 टिप्पणियाँ