NBP NEWS/ अंबागढ़ चौकी, 24 मार्च 2026 जिला मोहला मानपुर अं चौकी के बीट आड़ेझर अंतर्गत आने वाले ग्रामों में वन विभाग द्वारा “जीरो फायर” अभियान के तहत वनों को आग से सुरक्षित रखने के लिए व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और वन संरक्षण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा की गईं।
कार्यक्रम में वन अग्नि से होने वाले नुकसान, आग लगने के संभावित कारणों और उसके दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की गई। ग्रामीणों को समझाइश दी गई कि वे जंगल क्षेत्रों में बीड़ी-सिगरेट का उपयोग न करें और न ही किसी प्रकार के ज्वलनशील पदार्थ या माचिस लेकर जंगल में प्रवेश करें।
महुआ संग्रहण के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील करते हुए बताया गया कि पेड़ों के नीचे झाड़ू लगाकर साफ-सफाई करें, लेकिन किसी भी परिस्थिति में आग न लगाएं। वहीं, वन सीमा से सटी कृषि भूमि वाले किसानों को भी जागरूक किया गया कि खेतों की मेड़ों की सफाई के दौरान आग का प्रयोग न करें, क्योंकि इससे आग जंगलों तक फैल सकती है।
अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि तेंदूपत्ता, महुआ या अन्य लाभ के लालच में जंगल में आग लगाना एक गंभीर एवं दंडनीय अपराध है। साथ ही वन्य प्राणियों की सुरक्षा पर जोर देते हुए बताया गया कि शिकार के लिए जाल बिछाना, फंदा लगाना, करंट प्रवाहित करना या जहर देना पूर्णतः प्रतिबंधित है।
ग्रामीणों को वन क्षेत्र में गीली लकड़ी काटने और अवैध संग्रहण से बचने की हिदायत दी गई। निजी भूमि पर वृक्षों की कटाई भी नियमानुसार सक्षम अधिकारियों की अनुमति से ही करने के निर्देश दिए गए।
वन क्षेत्र में स्थित देवी-देवताओं के स्थलों पर पूजा-अर्चना के दौरान साफ-सफाई और सुरक्षा बनाए रखने की अपील की गई। साथ ही ग्रामीणों को अपने घरों और पेरावाट को वन सीमा से सुरक्षित दूरी पर रखते हुए साफ-सफाई बनाए रखने के लिए भी जागरूक किया गया।
इस अभियान के तहत कोटवारों के माध्यम से गांवों में हांका-मुनादी कर लोगों को सतर्क किया गया। वन विभाग ने अपील की कि कहीं भी आग लगने की सूचना तत्काल विभाग को दें।
अधिकारियों ने बताया कि “जीरो फायर” अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने वाली ग्राम पंचायतों को उत्कृष्ट पंचायत के रूप में सम्मानित करने का प्रस्ताव भी है।
कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने वनों को आग से सुरक्षित रखने का सामूहिक संकल्प लिया और पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर ग्राम के जनप्रतिनिधि, बुजुर्ग, महिलाएं, पुरुष और बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
नवरात्रि के पावन अवसर पर सभी ग्रामवासियों को शुभकामनाएं देते हुए वनों को सुरक्षित रखने का संदेश भी दिया गया।
0 टिप्पणियाँ