जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय पी सिंह ने गुरुवार को मोहला थाना परिसर में नवनिर्मित अजाक पुलिस थाना का विधिवत उद्घाटन किया।
उद्घाटन के दौरान एसएसपी सिंह ने फीता काटकर नए थाना भवन का शुभारंभ किया और स्वयं रोजनामचा में प्रविष्टि दर्ज कर थाना संचालन प्रारंभ होने की औपचारिक सूचना दी।
इस अवसर पर पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें उप पुलिस अधीक्षक (अजाक) नोहर लाल मंडावी, उप पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) ताजेश्वर दिवान, रक्षित निरीक्षक भुनेश्वर कश्यप, थाना प्रभारी मोहला निरीक्षक कपिलदेव चंद्रा, अजाक थाना प्रभारी निरीक्षक ईश्वर ध्रुव सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।
नवस्थापित अजाक पुलिस थाना का संचालन मोहला थाना परिसर में ही किया जाएगा। इस थाना के क्षेत्राधिकार में जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्र शामिल होंगे। विशेष रूप से अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम से संबंधित प्रकरणों में कार्यवाही के लिए यह थाना महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
पुलिस प्रशासन के अनुसार, इस नए अजाक थाना के शुरू होने से पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने में सहायता मिलेगी और संबंधित मामलों की जांच एवं कार्रवाई में तेजी आएगी।
0 टिप्पणियाँ