सरगुजा जिले के गंगापुर, अंबिकापुर में 24 जनवरी 2026 से 6 फरवरी 2026 तक भावसर फाउंडेशन द्वारा जिला स्तरीय 12 दिवसीय उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम RAMP (Raising & Accelerating MSME Performance) योजना के अंतर्गत आयोजित किया गया, जो भारत सरकार एवं विश्व बैंक के संयुक्त सहयोग से संचालित एक महत्वपूर्ण पहल है।
इस योजना का मुख्य उद्देश्य सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (MSMEs) की उत्पादकता बढ़ाना, उद्यमियों की बाजार तक पहुंच को मजबूत बनाना तथा उनकी प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को विकसित करना है। साथ ही MSME के प्रदर्शन को बेहतर बनाते हुए उन्हें गति प्रदान करना भी इस योजना का प्रमुख लक्ष्य है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान उद्यमिता विकास प्रशिक्षक गीता यादव ने प्रतिभागियों को उद्यमिता से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी। प्रशिक्षण में RAMP योजना के उद्देश्य एवं लाभ, उद्यमिता विकास एवं MSME के लिए उपलब्ध अवसर, MSME के अंतर्गत वित्तीय सहायता एवं क्रेडिट लिंकेज प्रक्रिया, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन के माध्यम से बाजार तक पहुंच बढ़ाने के उपाय तथा कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रमों और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
प्रशिक्षण को सहभागितापूर्ण एवं व्यवहारिक तरीके से संचालित किया गया, जिससे प्रतिभागियों को व्यवसाय से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी प्राप्त हो सकी। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 30 प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया और उद्यमिता से संबंधित महत्वपूर्ण पहलुओं को समझा।
प्रशिक्षण के अंतिम चरण में सवाल-जवाब सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी जिज्ञासाओं को साझा किया। प्रतिभागियों ने वित्तीय व्यवस्था, सरकारी योजनाओं के लिए आवश्यक दस्तावेजीकरण, व्यवसायिक योजना तैयार करने की प्रक्रिया, टिकाऊ व्यवसाय की रणनीति, बाजार सर्वेक्षण तथा बाजार लिंकेज जैसे विषयों पर प्रश्न पूछे। प्रशिक्षक गीता यादव ने सभी सवालों के विस्तार से उत्तर देते हुए प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रशिक्षक गीता यादव ने सभी प्रतिभागियों को भविष्य में अपने-अपने व्यवसाय को सफलतापूर्वक शुरू करने और आगे बढ़ाने के लिए शुभकामनाएं दीं तथा औपचारिक रूप से प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन किया।
0 टिप्पणियाँ