Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

लाल श्याम शाह महाविद्यालय मोहला के NSS स्वयंसेवकों ने नुक्कड़ नाटक से फैलाई जागरूकता

मोहला। जिला मुख्यालय में 2 दिसंबर को आयोजित ग्राम संपर्क अभियान के तहत यूनिसेफ एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के संयुक्त तत्वावधान में सुरक्षित पारा, सुरक्षित लइका मन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्व. लाल श्याम शाह शासकीय नवीन महाविद्यालय मोहला के रा.से.यो. स्वयंसेवकों ने सामाजिक कुरीतियों और जरूरी विषयों पर प्रभावी संदेश दिया।

रासेयो कार्यक्रम अधिकारी जी.पी. चंद्रवंशी के नेतृत्व में स्वयंसेवकों ने ग्राम मजियापार में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर स्वास्थ्य, पोषण, आहार, स्वच्छता, नशामुक्ति, गुड टच-बैड टच और लैंगिक हिंसा के प्रति ग्रामीणों को जागरुक किया। नाटक के माध्यम से बच्चों, महिलाओं और युवाओं को सरल भाषा में जागरूक होते देखा गया।

कार्यक्रम में अतिथि व्याख्याता लक्ष्मीनारायण यादव, ग्राम सचिव एवं मजियापार स्कूल के शिक्षक भी उपस्थित रहे। सभी ने स्वयंसेवकों की पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बताया।

इसके साथ ही बाल अधिकार संरक्षण अभियान के अंतर्गत बालश्रम के विरोध, शिक्षा के महत्व और नशा के दुष्प्रभाव— मानसिक असंतुलन, व्यवहार परिवर्तन आदि विषयों पर रैली निकालकर स्लोगन व नारा लेखन के माध्यम से संदेश दिया गया। स्वयंसेवकों ने प्राथमिक शाला, पूर्व माध्यमिक शाला और महाविद्यालय में जाकर विद्यार्थियों से संवाद भी किया।

इस महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यक्रम में स्वयंसेवक अरविंद सोनवानी, हेमलाल रावटे, एलियन पुरामे, गणेश मांझी, चुम्मन, हरिश, खिलेश्वरी, जावेद, साक्षी, प्रिया तुलावी सहित अन्य छात्र सक्रिय रूप से शामिल रहे।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों में सामाजिक मुद्दों को लेकर समझ विकसित करना और बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करना रहा, जिसे स्वयंसेवकों ने अपनी प्रस्तुतियों और जनसंपर्क के माध्यम से सफलतापूर्वक निभाया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ