प्रवेश कुमार: विकासखंड मोहला के शासकीय हाई स्कूल पेंदाकोड़ो में सेवा निवृत्त शिक्षकों के सम्मान एवं पदोन्नति प्राप्त प्रधान पाठक के अभिनंदन हेतु गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा जगत को वर्षों तक अपनी सेवाएं देने वाले शिक्षकों को भावभीनी विदाई दी गई। समारोह में मौजूद शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और विद्यार्थियों ने उनके योगदान को याद करते हुए सम्मान प्रकट किया।
कार्यक्रम में सेवा निवृत्त संकुल प्राचार्य एम.एस. धुर्वे, सेवा निवृत्त व्याख्याता बीरकुमारी लकड़ा तथा सेवा निवृत्त प्रधान पाठक बी.डी. मानिकपुरी का शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मान किया गया। वहीं उमा यादव के प्रधान पाठक पद पर पदोन्नत होने पर उनका भी अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत पेंदाकोड़ो के सरपंच मनीष मुलेटी ने की। उन्होंने अपने संबोधन में सेवा निवृत्त शिक्षकों के लंबे शैक्षिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक समाज निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने सभी सम्मानित शिक्षकों के स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएं दीं।
सम्मानित शिक्षकों ने भी अपने लंबे सेवाकाल के अनुभव साझा किए। उन्होंने वर्तमान शिक्षकों से अपने दायित्वों का निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण भाव से निर्वहन करने तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में संकुल प्राचार्य ओमवती राठौर ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस दौरान उनके द्वारा प्रस्तुत भावपूर्ण विदाई गीत ने पूरे समारोह को भावुक बना दिया। गीत सुनकर उपस्थित शिक्षक एवं विद्यार्थी भाव-विभोर हो उठे।
इस अवसर पर संकुल शैक्षिक समन्वयक नूतन सिंह साहू, हरिशंकर देशलहरा, यशवंत शाह, कुमुद कुंजाम, अंजनी लेंझारे, ओमप्रकाश कोवाची, गंगाप्रसाद धुर्वे, आशा खलखो, देवनी कोमरे, लेखराम साहू, चंद्रिका कोमरे, कमलेश्वरी शाह, शिवकुमारी धीवर सहित संकुल के सभी शिक्षक, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजित यह समारोह यादगार बन गया।
0 टिप्पणियाँ