Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

रामानुजन जयंती पर जिला स्तरीय राष्ट्रीय गणित दिवस का आयोजन, विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

NBPNEWS/मोहला | 18 दिसंबर 2025
भारत के महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन की जयंती के अवसर पर बुधवार को जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में जिला स्तरीय राष्ट्रीय गणित दिवस का आयोजन उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के संयोजन में आयोजित किया गया, जिसमें गणित विषय के व्याख्याताओं हेतु सेमिनार सहित विद्यार्थियों के लिए विविध गतिविधियाँ आयोजित की गईं।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों द्वारा रंगोली, चित्रकला, गणित प्रश्नोत्तरी तथा गणित मॉडल प्रदर्शनी जैसी रचनात्मक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिन्होंने गणित को रोचक एवं व्यावहारिक रूप में प्रस्तुत किया। सेमिनार में गणित शिक्षकों ने विषय की नवीन शिक्षण पद्धतियों एवं शैक्षणिक चुनौतियों पर विचार-विमर्श किया।
अतिथि व्याख्यान के रूप में श्री रोहित पटवा (वरिष्ठ व्याख्याता) एवं दुलार सिंह साहू ने अपने प्रेरक वक्तव्य दिए। उन्होंने दैनिक जीवन में गणित की उपयोगिता तथा गणित विषय से जुड़े शैक्षणिक एवं रोजगारोन्मुखी अवसरों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी योग दास साहू ने सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों एवं आयोजकों को शुभकामनाएँ देते हुए गणित के महत्व पर जोर दिया।

इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी राजेंद्र देवांगन, जिला समन्वयक जसवंत मंडावी, सुनील चौरसिया, गुलाब सिन्हा, संजय देवांगन, गुमान दास साहू, नेहा निर्मल, टोमन लाल साहू, भावेश निषाद, दिलीप पटेल, प्रमित सरकार, अल्पा सोनकर सहित अन्य अधिकारी, शिक्षक एवं विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गणित दिवस के उद्देश्य—गणित के प्रति रुचि जागृत करने एवं नवाचार को प्रोत्साहित करने—की सफलता के साथ हुआ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ