Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

रिजर्व बैंक की पहल से खाताधारकों को मिलेगी अनक्लेम्ड राशि वापस

NBPNEWS/मोहला | 18 दिसंबर 2025
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया द्वारा बैंक खातों, बीमा पॉलिसियों, पेंशन एवं अन्य वित्तीय योजनाओं में वर्षों से बिना दावे के पड़ी अनक्लेम्ड राशि को उसके वास्तविक हकदारों या नामांकित व्यक्तियों तक पहुंचाने के लिए विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला प्रशासन मोहला के सहयोग से “आपकी पूंजी, आपका अधिकार” जन-जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत एक दिवसीय जिला स्तरीय जागरूकता एवं सहायता शिविर का आयोजन 19 दिसंबर 2025 को कलेक्ट्रेट कार्यालय, मोहला में किया जाएगा।
इस विशेष शिविर में जिले के प्रमुख बैंक, विभिन्न बीमा कंपनियां, पेंशन संस्थान तथा भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) सहित अन्य वित्तीय संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। शिविर में नागरिकों को उनके बैंक खातों, बीमा दावों, पेंशन राशि एवं अन्य वित्तीय योजनाओं में जमा अनक्लेम्ड डिपॉजिट की जानकारी दी जाएगी तथा राशि प्राप्त करने की संपूर्ण प्रक्रिया को सरल भाषा में समझाया जाएगा।

शिविर के दौरान आम नागरिकों की सुविधा के लिए हेल्पडेस्क एवं सहायता काउंटर स्थापित किए जाएंगे, जहां केवाईसी अपडेट, दावा प्रपत्र भरने, आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन एवं अन्य औपचारिकताओं में तत्काल सहयोग प्रदान किया जाएगा। इससे विशेष रूप से उन परिवारों को लाभ मिलेगा, जिनके परिजनों के पुराने बैंक खाते, बीमा पॉलिसी, पेंशन या अन्य जमा राशि लंबे समय से बिना दावे के पड़ी हुई है।
जिला प्रशासन ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में उपस्थित होकर अपनी जमा पूंजी का दावा प्रस्तुत करें और रिजर्व बैंक की इस जनहितकारी पहल का लाभ उठाएं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ