जिले में ध्वनि प्रदूषण पर अंकुश लगाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से थाना मोहला पुलिस ने रविवार को मॉडिफाइड साइलेंसर लगे दोपहिया वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान अत्यधिक ध्वनि उत्पन्न करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगे वाहनों की सघन जांच की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाई. पी. सिंह के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करते पाए गए एक वाहन चालक दोमेश्वर नुरेटी ग्राम माडिंग पिडिंग धेनू के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत ₹5,000 का चालान किया गया।
पुलिस ने वाहन चालकों को समझाइश देते हुए कहा कि अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग न केवल ध्वनि प्रदूषण फैलाता है, बल्कि आम नागरिकों, विद्यार्थियों, बुजुर्गों और मरीजों के लिए भी गंभीर असुविधा का कारण बनता है। ऐसे उपकरणों का उपयोग कानूनन भी प्रतिबंधित है।
इस अभियान में थाना प्रभारी संदीप टोप्पो, एएसआई ताज खान, एएसआई पूर्णानंद मसीहा, प्रधान आरक्षक जयलाल भास्कर, विरेंद्र रजक सहित थाना मोहला के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। पुलिस के समन्वित प्रयासों से अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
थाना मोहला पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग न करें तथा मोटर वाहन अधिनियम एवं यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।
0 टिप्पणियाँ