छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक अरुणदेव गौतम (भापुसे) ने गुरुवार को नव-निर्मित पुलिस को-ऑर्डिनेशन सेंटर भवन, मोहला में रेंज स्तरीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में लंबित मामलों के त्वरित निराकरण तथा नक्सल उन्मूलन के पश्चात क्षेत्र में सशक्त बेसिक पुलिसिंग लागू करने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
रेंज स्तरीय इस समीक्षा बैठक में पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज अभिषेक शांडिल्य (भापुसे), पुलिस अधीक्षक मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी वाय. पी. सिंह, पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव अंकिता शर्मा, पुलिस अधीक्षक कबीरधाम धर्मेन्द्र छवैइ तथा पुलिस अधीक्षक खैरागढ़-छुईखदान-गंडई लक्ष्य शर्मा सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान लंबित अपराध, मर्ग प्रकरण, गुम इंसान, स्थायी वारंट, एक वर्ष से अधिक समय से लंबित प्रकरण, पूरक चालान, फरारी में चालान, लघु अधिनियम एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, यातायात अधिनियम के तहत की गई कार्रवाई, अनियमित वित्तीय कंपनियों से जुड़े प्रकरणों तथा माओवाद/नक्सलवाद उन्मूलन से संबंधित मुठभेड़, गिरफ्तार एवं आत्मसमर्पित नक्सलियों की विस्तृत समीक्षा की गई। पुलिस महानिदेशक ने सभी लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने तथा थाना स्तर पर प्रभावी बेसिक पुलिसिंग लागू करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक अरुणदेव गौतम ने रक्षित आरक्षी केंद्र, मोहला में नव-निर्मित पुलिस को-ऑर्डिनेशन सेंटर भवन का विधिवत उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह में कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी तुलिका प्रजापति, पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य, संबंधित जिलों के पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) देवचरण पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह पटेल, 44वीं वाहिनी आईटीबीपी पानाबरस के द्वितीय कमांडेंट संतोष कुमार चौधरी, वन मंडल अधिकारी दिनेश पटेल सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के संदेश के तहत पुलिस को-ऑर्डिनेशन सेंटर परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। रक्षित आरक्षी केंद्र की सशस्त्र सलामी टुकड़ी द्वारा पुलिस महानिदेशक को सम्मानपूर्वक सलामी दी गई।
जिले के प्रवास के दौरान पुलिस महानिदेशक ने थाना अंबागढ़ चौकी का आकस्मिक निरीक्षण भी किया। थाने की साफ-सफाई, अभिलेखों के अद्यतन संधारण एवं रख-रखाव को संतोषजनक पाए जाने पर थाना प्रभारी एवं स्टाफ की प्रशंसा की गई।
0 टिप्पणियाँ