थाना मोहला पुलिस ने महिला से छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस की सक्रियता को दर्शाती है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना मोहला क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुंजामटोला की एक महिला ने 17 दिसंबर 2025 को थाना मोहला में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थिया ने बताया कि आरोपी अजित जुरेशिया पिता ईतवारी जुरेशिया, उम्र 26 वर्ष, निवासी कुंजामटोला ने उसके घर के दरवाजे की कुंडी हाथ से सरकाकर जबरन घर में प्रवेश किया। आरोपी ने महिला का हाथ पकड़कर छेड़छाड़ की, गाल को दांत से काटा और गले में चाकू रखकर जान से मारने की धमकी दी, जिसके बाद वह मौके से फरार हो गया।
महिला की रिपोर्ट पर थाना मोहला में अपराध क्रमांक 127/25 के तहत धारा 331(3), 74, 75(1)(i), 115(2), 351(3) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक कपिल देव चंद्रा के कुशल मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई। मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 18 दिसंबर 2025 को ग्राम कुंजामटोला में घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार किया, जिसके पश्चात 18 दिसंबर 2025 को अपराह्न 3:40 बजे उसे विधिवत गिरफ्तार कर परिजनों को सूचित करते हुए न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इस सफल कार्रवाई में सउनि पूर्णानंद मसिया, प्रधान आरक्षक ओंकार सिंह, आरक्षक गिरीश कोमा एवं आरक्षक अनमोल की विशेष भूमिका रही।
मोहला पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के बीच भय और आम जनता में सुरक्षा का भरोसा और मजबूत हुआ है।
0 टिप्पणियाँ