शासन की जनहितैषी एवं लोककल्याणकारी मंशा को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से सुशासन सप्ताह–2025 के अंतर्गत जिले में “प्रशासन गांव की ओर” अभियान के तहत विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में अभियान के दूसरे दिन विकासखंड मानपुर में जिला स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया, जहां विभिन्न विभागों द्वारा ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया गया तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
शिविर को संबोधित करते हुए जिला पंचायत उपाध्यक्ष भोजेश शाह मांडवी ने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा, जब नागरिक स्वयं जागरूक होकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त करेंगे। उन्होंने कहा कि “प्रशासन गांव की ओर” शासन की एक सराहनीय पहल है, जिसके माध्यम से सभी जिला स्तरीय विभाग गांवों तक पहुंच रहे हैं, लेकिन योजनाओं का लाभ लेने के लिए नागरिकों को भी पहल करनी होगी। उन्होंने यह भी कहा कि विकसित समाज की परिकल्पना तब तक संभव नहीं है, जब तक नागरिक आर्थिक रूप से सशक्त नहीं होंगे।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों से अपील की कि जनसामान्य से जुड़ी योजनाओं की जानकारी पात्र एवं जरूरतमंद हितग्राहियों तक पहुंचाई जाए, ताकि जानकारी के अभाव में कोई भी व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे। शिविर का समापन उद्बोधन अपर कलेक्टर जी.आर. मरकाम द्वारा किया गया।
गांव स्तर पर मिल रही शासन की सेवाएं
अभियान का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को जिला अथवा विकासखंड कार्यालयों के चक्कर लगाने से मुक्त करना, उनके समय एवं संसाधनों की बचत करना तथा शासन की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सीधे गांव स्तर पर उपलब्ध कराना है। शिविरों के माध्यम से समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहज रूप से पहुंच सके।
विभागीय स्टॉलों पर उमड़ी भीड़
मानपुर में आयोजित शिविर में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, महिला एवं बाल विकास, श्रम, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, विद्युत, लोक निर्माण, राजस्व, खाद्य, हथकरघा, स्वास्थ्य, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, कृषि, शिक्षा, मत्स्य पालन सहित विभिन्न जिला स्तरीय विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से नागरिकों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई तथा 32 से अधिक मांग एवं शिकायत संबंधी आवेदन प्राप्त किए गए।
शिविर में समाज कल्याण विभाग द्वारा पात्र हितग्राहियों को ट्राईसायकल, व्हीलचेयर एवं श्रवण यंत्र जैसे सहायक उपकरण भी वितरित किए गए, जिससे लाभार्थियों में उत्साह देखा गया।
जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य सुशीला भंडारी, जनपद सदस्य रेणु टांडिया, कांता ठाकुर, रविन्द्र सलामे, जनप्रतिनिधि दिलीप वर्मा, मदन साहू, प्रकाश मिश्रा, संगीता मिश्रा, धरमू भुआर्य, ओमप्रकाश चाण्डक, अपर कलेक्टर जी.आर. मरकाम, डिप्टी कलेक्टर डी.आर. ध्रुव, एसडीएम मानपुर अमित नाथ योगी, सीईओ जनपद पंचायत मानपुर मोहम्मद हनीश सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
22 दिसंबर को मोहला में होगा अगला शिविर
जिला स्तरीय शिविर की अगली कड़ी में 22 दिसंबर को विकासखंड मोहला में शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला मैदान, मडिंगपीडिंग भुर्सा में शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का समय पूर्वान्ह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित है, जिसमें एक ही स्थान पर शिकायतों का निराकरण, आवेदन प्राप्त करना तथा आवश्यकतानुसार ऑनलाइन पंजीयन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
0 टिप्पणियाँ