विकासखंड अंबागढ़ चौकी के ग्राम पंचायत मांगाटोला में जिले की पहली बिहान दीदी किराना दुकान का शुभारंभ शुक्रवार को अपर कलेक्टर जी.आर. मरकाम ने किया। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर डी.आर. ध्रुव, एसडीएम मोहला हेमेन्द्र भुआर्य, जनपद पंचायत सीईओ प्रियंवदा रामटेके तथा तहसीलदार अंबागढ़ चौकी अनुरिमा टोप्पो उपस्थित रहीं। अतिथियों ने प्रथम खरीदी कर दुकान संचालिका को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
ग्राम मांगाटोला निवासी पिंकी साहू, पदम कल्याणी मां स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हुई हैं। इससे पूर्व वे खेती और घरेलू कार्यों पर निर्भर थीं, जिससे उनकी आय सीमित थी। शासन की बिहान योजना तथा कलेक्टर तुलिका प्रजापति के मार्गदर्शन में उन ग्रामों में, जहां किराना दुकान उपलब्ध नहीं है, वहां बिहान दीदी की दुकान खोलने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में पिंकी साहू ने अपने गांव में किराना दुकान शुरू करने का निर्णय लिया।
पिंकी साहू ने बिहान योजना के संकुल से 50 हजार रुपये का ऋण लेकर दुकान की शुरुआत की। इस पहल में उन्हें अपने परिवार का पूरा सहयोग मिला। गांव में पहले कोई किराना दुकान न होने के कारण अब ग्रामीणों को दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो रही है। इससे जहां समय और संसाधनों की बचत हो रही है, वहीं दुकान से अच्छी आमदनी की संभावना भी बनी है।
आज पिंकी साहू स्वरोजगार के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त बन रही हैं और गांव की अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा स्रोत भी बनी हैं। यह पहल दर्शाती है कि शासकीय योजनाएं, सही मार्गदर्शन और आत्मविश्वास के साथ ग्रामीण महिलाएं भी आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार और समाज के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
0 टिप्पणियाँ