राज्य शासन की जनकल्याणकारी एवं किसान-हितैषी सोच के अनुरूप सुशासन सप्ताह-2025 के अंतर्गत जिले में प्रशासन गांव की ओर अभियान का प्रभावी संचालन किया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा आम नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। इसी क्रम में आज विकासखंड अंबागढ़ चौकी के ग्राम पंचायत आमाटोला में जिला स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में जनपद पंचायत अध्यक्ष पुनऊ राम फुलकावरे, उपाध्यक्ष शंकर तिवारी, जनपद सदस्य पवन कुमार तुलावी, मुकुन्द जनबन्दु, देवकी बाई यादव, अपर कलेक्टर जी.आर. मारकाम, डिप्टी कलेक्टर डी.आर. ध्रुव, एसडीएम मोहला हेमेंन्द्र भुआर्य, सीईओ जनपद पंचायत अंबागढ़ चौकी प्रियांवदा रामटेके सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष पुनऊ राम फुलकावरे ने जनसामान्य को संबोधित करते हुए कहा कि जिला प्रशासन द्वारा आयोजित प्रशासन गांव की ओर शिविर के माध्यम से सभी जिला स्तरीय विभाग एक ही स्थान पर उपलब्ध हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे विभागीय स्टॉल का भ्रमण कर योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें तथा पात्रता अनुसार आवेदन कर योजनाओं का लाभ उठाएं।
वहीं अपर कलेक्टर जी.आर. मारकाम ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार जनसामान्य की समस्याओं, शिकायतों एवं मांगों के त्वरित निराकरण हेतु जिला स्तरीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ आवेदन भी प्राप्त किए जा रहे हैं, जिनके परीक्षण पश्चात पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से लाभांवित किया जाएगा।
आमाटोला में आयोजित इस शिविर में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, श्रम विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, विद्युत विभाग, लोक निर्माण विभाग, राजस्व विभाग, खाद्य विभाग, हथकरघा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, कृषि विभाग, शिक्षा विभाग, मछली पालन विभाग सहित अनेक जिला स्तरीय विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। शिविर के दौरान विभिन्न मांगों एवं शिकायतों से संबंधित 200 से अधिक आवेदन प्राप्त किए गए।
शिविर में समाज कल्याण विभाग द्वारा पात्र हितग्राहियों को ट्राईसायकल, व्हीलचेयर एवं श्रवण यंत्र जैसे सहायक उपकरण वितरित किए गए। वहीं स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड तथा जनपद पंचायत द्वारा आवास एवं शौचालय स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। लाभार्थियों ने योजनाओं से मिले लाभ एवं अपने जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को साझा कर शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि राज्य शासन पारदर्शी, प्रभावशील एवं जन-हितैषी प्रशासन की स्थापना को लेकर प्रतिबद्ध है। प्रशासन गांव की ओर अभियान के माध्यम से शासन-प्रशासन सीधे आम जनता से जुड़कर उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित कर रहा है। सुशासन सप्ताह-2025 के अंतर्गत जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा कर उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
जिला स्तरीय शिविरों की अगली कड़ी में 20 दिसंबर को विकासखंड मानपुर में रामायण मंच के सामने, मानपुर तथा 22 दिसंबर को विकासखंड मोहला में शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला मैदान, मडिंगपीडिंग भुर्सा में शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर का समय पूर्वान्ह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित है, जिसमें नागरिकों को एक ही स्थान पर शिकायत समाधान, आवेदन प्राप्ति एवं आवश्यकतानुसार ऑनलाइन पंजीयन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
0 टिप्पणियाँ