Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

सड़क सुरक्षा मितानों को मिला प्रशिक्षण और किट, हादसों में घटेगी जनहानि

NBPNEWS/मोहला, 15 दिसंबर 2025
सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को त्वरित और प्रभावी सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला मोहला–मानपुर–अम्बागढ़ चौकी पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा मितानों को सुरक्षा किट का वितरण एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार संपन्न हुआ।
कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक  वाय.पी. सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन में  यातायात प्रभारी शेषनारायण देवांगन एवं यातायात टीम के नेतृत्व में जिले के सड़क सुरक्षा मितानों को आवश्यक उपकरण प्रदान किए गए।
सड़क दुर्घटना के दौरान प्राथमिक सहायता और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक सड़क सुरक्षा मितान को पुलिस मितान किट बैग वितरित किया गया। इस किट में सेफ्टी बैग, रस्सी, चाकू, रिफ्लेक्टिव जैकेट, टॉर्च, सड़क पर रखने हेतु रिफ्लेक्टर, दस्ताने, पानी की बोतल सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण शामिल हैं।
इसके साथ ही मितानों को व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया, जिसमें दुर्घटना के समय उपकरणों के सही उपयोग की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि रस्सी की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सुरक्षित रूप से सड़क किनारे कैसे टो किया जाए, गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को लकड़ी या अन्य सहारे से स्थिर कर सुरक्षित स्थान तक कैसे पहुंचाया जाए, प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) किस प्रकार दिया जाए तथा दुर्घटना स्थल पर स्वयं की और पीड़ित की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पीताम्बर पटेल ने कहा कि सड़क सुरक्षा मितान सड़क दुर्घटनाओं में पुलिस के महत्वपूर्ण सहयोगी हैं। उनके प्रशिक्षण और तत्परता से दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी सड़क सुरक्षा मितानों द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना की गई तथा भविष्य में भी इसी तरह समाज सेवा में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए उन्हें प्रेरित किया गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ