Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

शिक्षा की नई शुरुआत: लाल श्याम शाह इंग्लिश मीडियम स्कूल, मोहला में शाला प्रवेश उत्सव 2026

NBP NEWS/ मोहला, 20 जुलाई 2026
लाल श्याम शाह इंग्लिश मीडियम स्कूल, मोहला में शाला प्रवेश उत्सव 2026 का आयोजन उत्साह, उमंग और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में पालकों, विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों, अतिथियों एवं विद्यालय परिवार की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा अतिथियों का तिलक लगाकर स्वागत करने से हुआ। इसके पश्चात अतिथियों ने लाल श्याम शाह महाराज, मां सरस्वती एवं छत्तीसगढ़ महतारी के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के अंतर्गत कक्षा दूसरी की छात्राओं ने आकर्षक स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में नवप्रवेशित विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत किया गया। साथ ही कक्षा पहली से आठवीं तक के सभी विद्यार्थियों को शासन की ओर से निःशुल्क पाठ्य-पुस्तकों का वितरण किया गया।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य लखन कलामे, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष संजीत ठाकुर, पालक संघ अध्यक्ष गोविंद नेताम, ग्राम पंचायत कुंजामटोला की सरपंच सहित अन्य अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बच्चों से अनुशासन, नियमित अध्ययन और अच्छे संस्कार अपनाकर अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करने का आह्वान किया।

अतिथियों ने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जो बच्चों को आत्मनिर्भर, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाती है। उन्होंने पालकों से भी बच्चों की शिक्षा में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों, पालकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए नए शैक्षणिक सत्र के लिए शुभकामनाएं दीं।

"शिक्षा ही वह दीप है, जो हर जीवन को सफलता के प्रकाश से आलोकित करती है।"

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ