Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

जॉर्डन फरार साइबर ठग दिल्ली एयरपोर्ट पर धराया, औंधी पुलिस की बड़ी कार्रवाई


NBPNEWS/मोहला | 18 दिसंबर 2025
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले की औंधी पुलिस को ऑनलाइन ठगी के एक बड़े मामले में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने क्रेडिट और बीमा के नाम पर ठगी करने वाले आरोपी को नई दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है। आरोपी ठगी के बाद जॉर्डन देश फरार हो गया था, जिसे लुकआउट नोटिस के आधार पर पकड़ लिया गया।
घटना का विवरण

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी नरेश कुमार साहू ने थाना औंधी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 19 मार्च 2023 को उन्होंने क्रेडिट एवं बीमा संबंधी जानकारी के लिए गूगल सर्च के दौरान मिले एक मोबाइल नंबर पर संपर्क किया। आरोपी ने व्हाट्सएप के माध्यम से एक लिंक और फॉर्म भेजकर मात्र 50 रुपये ऑनलाइन भुगतान करने को कहा। प्रार्थी द्वारा भुगतान एवं फॉर्म भेजने के बाद उनके बैंक खाते से अलग-अलग किस्तों में कुल 86,496 रुपये की राशि निकलने का मैसेज प्राप्त हुआ।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना औंधी में अपराध क्रमांक 06/23 धारा 420 भादवि के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। जांच के दौरान प्रार्थी व गवाहों के बयान लिए गए तथा बैंक डिटेल्स की जांच में यह सामने आया कि उक्त राशि रवि कुमार नामक व्यक्ति के खाते में गई है।
आरोपी की तलाश और गिरफ्तारी

पुलिस द्वारा आरोपी की तलाश उसके निवास स्थान मालोया, चंडीगढ़ (पंजाब) में की गई, लेकिन आरोपी नहीं मिला। इसके बाद फरारी पंचनामा तैयार कर लगातार तलाश की गई। जांच में आरोपी के जॉर्डन देश फरार होने की जानकारी मिलने पर उसके विरुद्ध लुकआउट नोटिस जारी किया गया।
लुकआउट नोटिस के आधार पर ब्यूरो ऑफ इमीग्रेशन द्वारा आरोपी को नई दिल्ली एयरपोर्ट पर पकड़ा गया। सूचना मिलने पर निरीक्षक सतीश साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम नई दिल्ली रवाना हुई और आरोपी रवि कुमार पिता कालू, उम्र 28 वर्ष, निवासी पीडब्ल्यूएस 2082/2, मालोया, चंडीगढ़ (पंजाब) को दिनांक 15 दिसंबर 2025 को दोपहर 14:22 बजे विधिवत गिरफ्तार किया गया।
आगे की कार्रवाई

मामला अजमानतीय होने एवं दूरी अधिक होने के कारण आरोपी को पटियाला हाउस कोर्ट, नई दिल्ली से ट्रांजिट रिमांड पर लेकर माननीय न्यायालय राजनांदगांव में प्रस्तुत किया जाएगा।

इस संपूर्ण कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह के मार्ग दर्शन में औंधी पुलिस एवं साइबर सेल स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनकी सतर्कता और समन्वय से आरोपी को कानून के शिकंजे में लाया जा सका।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ